&format=webp&quality=medium)
Us India Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका भारत के साथ एक नई ट्रेड डील साइन करने के बेहद करीब है. उन्होंने इस समझौते को दोनों देशों के लिए “फेयर और बेहतरीन” बताया. ट्रंप ने कहा कि “हम भारत के साथ एक डील करने जा रहे हैं, जो पहले की डील से काफी अलग होगी. यह एक फेयर ट्रेड डील होगी और मुझे लगता है कि हम अब काफी करीब हैं एक ऐसे समझौते के जो सभी के लिए अच्छा रहेगा."
ट्रंप ने यह बयान व्हाइट हाउस में सर्जियो गोर के अमेरिकी राजदूत के रूप में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच बनने वाली यह डील दोनों देशों के हितों को संतुलित करेगी और आर्थिक सहयोग को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी.
मार्केट गुरु अनिल सिंघवी ने कहा कि ट्रंप के इस बयान से मान सकते हैं कि यूएस की भारत के साथ जल्द ट्रेड डील हो सकती है. दोनों देशों के लिए फेयर डील का भरोसा जताया है. ट्रेड डील के बाद भारत के लोग ट्रंप को फिर पसंद करेंगे. लेकिन क्या ट्रंप के बयानों में कोई गुगली भी है? अनिल सिंघवी ने कहा कि ये ध्यान देने की बात है कि डील की अभी भी कोई टाइमलाइन नहीं है, डील पहले से एकदम अलग होगी. अब देखना होगा अलग डील में भारत को फायदा होता है या नुकसान. अलग और नई डील के चक्कर में टाइम ज्यादा तो नहीं लग जाएगा.
ट्रंप ने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से “बेहतरीन रिश्तेदारी” है और उन्होंने भारत को अमेरिका के सबसे “महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय साझेदारों” में से एक बताया. ट्रंप बोले, “मैं सर्जियो पर भरोसा करता हूं कि वह भारत के साथ हमारे रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेंगे. भारत दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है और सबसे बड़े देशों में शामिल है. हमारे और प्रधानमंत्री मोदी के बीच शानदार संबंध हैं, और सर्जियो ने इसे और बेहतर बनाया है.”
सर्जियो गोर ने अमेरिका के नए भारत राजदूत के रूप में शपथ ली. उन्हें उपराष्ट्रपति जे.डी. वांस ने शपथ दिलाई, जबकि इस मौके पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट समेत ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे. अक्टूबर में सीनेट वोट से मंजूरी मिलने के बाद 38 वर्षीय गोर इस पद पर नियुक्त होने वाले सबसे युवा अमेरिकी राजदूत बन गए हैं.
ट्रंप ने भारत की तारीफ करते हुए कहा, “भारत एक अद्भुत देश है और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिका का एक अहम आर्थिक और रणनीतिक साझेदार है. वहां की मिडल क्लास सबसे तेज़ी से बढ़ रही है और यह हमारे लिए एक बेहद महत्वपूर्ण रिश्ता है.”
उपराष्ट्रपति वांस ने गोर को बधाई देते हुए कहा, “आप भारत में अमेरिका के शानदार प्रतिनिधि साबित होंगे. राष्ट्रपति ट्रंप और मैं दोनों भारत को बहुत प्यार करते हैं.”
शपथ ग्रहण के बाद गोर ने ट्रंप का आभार जताते हुए कहा कि वह भारत-अमेरिका रिश्ते को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे. “मैं कई वर्षों से आपके साथ काम कर रहा हूं और अब इस नई भूमिका में भी हमारे दोनों देशों के रिश्ते को और बेहतर बनाऊंगा,” उन्होंने कहा.
इस ऐलान के बाद ग्लोबल स्तर पर उम्मीदें बढ़ी हैं कि भारत-अमेरिका के बीच जल्द ही एक नई और व्यापक ट्रेड डील का ऐलान हो सकता है, जो दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई दिशा देगी.