&format=webp&quality=medium)
Dollar vs Rupees: विदेशी निवेशकों की वापसी का असर दिखा और आज रुपए में 29 पैसे की मजबूती दर्ज की गई. डॉलर इंडेक्स में गिरावट के कारण डॉलर कमजोर हुआ जिससे भी इंडियन करेंसी को फायदा पहुंचा है. आज डॉलर के मुकाबले रुपया 81.53 के स्तर पर बंद हुआ. वैसे कच्चे तेल की कीमत में तेजी से सेंटिमेंट पर दबाव भी है. स्पॉट मार्केट में डॉलर इंडेक्स इस समय 0.65 फीसदी घटकर 111 पर पहुंच गया है. वहीं इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल का भाव इस समय 1.74 फीसदी के उछाल के साथ 90.60 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर है.
कोटक सिक्यॉरिटीज के वाइस प्रेसिडें, करेंसी, अनिंद्य बनर्जी ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के कमजोर होने से डॉलर में कमजोरी दिख रही है. इसके अलावा शेयर बाजार में तेजी से भी रुपए को मजबूती मिली है. आज सेंसेक्स में 1276 अंकों का उछाल आया है और यह 58065 के स्तर पर बंद हुआ. आज फॉरन इंस्टीट्यूशन इन्वेस्टर्स ने 1345 करोड़ की खरीदारी की, जबकि डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स ने 946 करोड़ की खरीदारी की. कुल मिलाकर इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स ने 2291 करोड़ की खरीदारी की है.
IIFL सिक्यॉरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता ने कहा कि शॉर्ट टर्म में रुपए में तेजी दिख सकती है. यह 80-81 के दायरे में ट्रेड कर सकता है. मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के विदेशी मुद्रा और सर्राफा विश्लेषक गौरांग सोमैया ने कहा, ‘‘भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में 0.50 फीसदी की वृद्धि के बाद रुपया अपने सबसे निचले स्तर से उबर गया. अमेरिका के विनिर्माण आंकड़ों के अनुमान से नीचे रहने के चलते डॉलर भी अपने उच्चस्तर से फिसल गया है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘आर्थिक नीतियों में बदलाव के मद्देनजर निवेशक सतर्क बने हुए हैं जिससे प्रमुख मुद्राओं में अस्थिरता बनी हुई है. डॉलर के मुकाबले रुपया 81.20 से 82.05 के दायरे में कारोबार करता हुआ दिख सकता है.’’शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 590 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर ख़रीदे.
(भाषा इनपुट के साथ)