लगातार आठवें हफ्ता विदेशी मुद्रा भंडार घटा, जानिए घटते रिजर्व को लेकर रिजर्व बैंक ने कल क्या कहा

Foreign reserves: लगातार आठवें हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है. चालू वित्त वर्ष में इसमें अब तक 70 बिलियन डॉलर की कमी आई है. गवर्नर दास ने भी कहा कि डॉलर रिजर्व में आई कमी में एक्सचेंज रेट का 67 फीसदी योगदान है.
लगातार आठवें हफ्ता विदेशी मुद्रा भंडार घटा, जानिए घटते रिजर्व को लेकर रिजर्व बैंक ने कल क्या कहा

लगातार आठवें सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई. 23 सितंबर को समाप्त सप्ताह में यह 8.134 बिलियन डॉलर घटकर 537.518 बिलियन डॉलर रह गया. भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. विदेशी मुद्रा भंडार इससे पिछले सप्ताह 5.2 बिलियन डॉलर से अधिक घटकर 545.54 बिलियन डॉलर रह गया था. वैश्विक घटनाक्रमों के कारण रुपए की विनियम दर में गिरावट को रोकने के जारी प्रयासों के बीच विदेशी मुद्रा भंडार में यह कमी आई है. मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी की घोषणा के बाद कल गवर्नर शक्तिकांत दास ने भी कहा था कि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से विदेशी मुद्रा भंडार में हुई कमी में विनिमय दर में हुए बदलाव का 67 फीसदी योगदान है.

चालू वित्त वर्ष में अब तक 70 बिलियन डॉलर रिजर्व घटा

गवर्नर दास ने कहा कि अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने तथा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के बढ़ने से विनिमय दर में बदलाव देखने को मिला. गौरतलब है कि चालू वित्त वर्ष में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए के मूल्य में तेज गिरावट हुई है. विदेशी मुद्रा भंडार दो अप्रैल को 606.475 बिलियन अमेरिकी डॉलर था, जबकि 23 सितंबर को यह घटकर 537.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर रह गया. यह लगातार आठवां सप्ताह था, जब विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट हुई.

Add Zee Business as a Preferred Source

FCA में 7.68 बिलियन डॉलर की गिरावट

आरबीआई की तरफ से जारी साप्ताहिक सांख्यिकीय आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा आस्तियों (एफसीए) में गिरावट के कारण 23 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई है. एफसीए दरअसल समग्र भंडार का एक प्रमुख हिस्सा होता है. केंद्रीय बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एफसीए 7.688 बिलियन डॉलर घटकर 477.212 बिलियन डॉलर रह गया.

गोल्ड रिजर्व में 30 करोड़ डॉलर की गिरावट

डॉलर के संदर्भ में एफसीए में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में वृद्धि या मूल्यह्रास का प्रभाव शामिल है. आंकड़ों के अनुसार, सोने के भंडार का मूल्य 30 करोड़ डॉलर घटकर 37.886 बिलियन डॉलर पर आ गया है.

डॉलर में 14.5 फीसदी का उछाल

चालू वित्त वर्ष में 28 सितंबर तक छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर में 14.5 फीसदी की तेजी आई है. ऐसे में वैश्विक स्तर पर मुद्रा बाजारों में भारी उथल-पुथल मची हुई है. दूसरे देशों की तुलना में भारतीय रुपए की गति व्यवस्थित रही है. गवर्नर दास ने कहा कि समीक्षाधीन अवधि में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में 7.4 फीसदी की गिरावट आई, जो कई आरक्षित मुद्राओं के साथ ही अन्य मुद्राओं के मुकाबले काफी बेहतर है.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6