कमोडिटी बाजार : क्रूड ऑयल में गिरावट, निकेल और सीसा के भाव टूटे

सोमवार को कमोडिटी मार्केट में धातु तथा कृषि जिंसों के कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सोने का वायदा भाव 75 रुपये की तेजी के साथ 32,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.
कमोडिटी बाजार : क्रूड ऑयल में गिरावट, निकेल और सीसा के भाव टूटे

सोमवार को वायदा कारोबार में निकेल की कीमत 1.43 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ 835 रुपये प्रति किग्रा रह गयी.

सोमवार को कमोडिटी मार्केट में धातु तथा कृषि जिंसों के कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. एक तरफ जहां सोने का वायदा भाव 75 रुपये की तेजी के साथ 32,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, वहीं अन्य धातुओं में गिरावट दर्ज की गई. कृषि जिंसों के भाव भी पूरा दिन हिचकोले खाते रहे.

सोना में तेजी
वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच जौहरियों की ताजा लिवाली से सोने का वायदा भाव सोमवार को 75 रुपये की तेजी के साथ 32,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. हालांकि, औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं के कम उठाव से चांदी की कीमत 70 रुपये टूटकर 38,130 रुपये किलो पर आ गई.

कारोबारियों के अनुसार वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख तथा स्थानीय जौहरियों की मांग से मूल्यवान धातु के भाव में तेजी आयी. इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीनी वस्तुओं पर उच्च दर से शुल्क लगाने की घोषणा के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध बढ़ने की आशंका से सुरक्षित निवेश के रूप में मूल्यवान धातु की मांग बढ़ी है.

Add Zee Business as a Preferred Source

वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में हाजिर बाजार में सोना मजबूत होकर 1,282.60 डालर प्रति औंस रहा जबकि चांदी का भाव कमजोर होकर 14.91 डालर प्रति औंस रहा.

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत तथा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 75-75 रुपये मजबूत होकर 32,720 और 32,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं गिन्नी का भाव 26,400 रुपये प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहा. चांदी तैयार की कीमत 70 रुपये टूटकर 38,130 रुपये किलो तथा साप्ताहिक आधार पर डिलिवरी के लिये 313 रुपये मजबूत होकर 37,290 रुपये किलो पर पहुंच गयी. इस बीच, चांदी सिक्के की मांग में तेजी रही. इससे चांदी सिक्के का भाव लिवाल 1,000 रुपये मजबूत होकर 79,000 रुपये तथा बिकवाल 80,000 रुपये प्रति 100 इकाई पर रहा.

बिनौला तेल खली की कीमतों में तेजी
हाजिर बाजार में मजबूती के रुख के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में बिनौला खली की कीमत 17.5 रुपये तक की तेजी के साथ 2,600 रुपये प्रति क्विंटल हो गई. बाजार में सीमित आपूर्ति के मुकाबले भारी मांग की वजह से हाजिर बाजार में मजबूती के रुख को देखते हुए कारोबारियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिसके कारण मुख्यत: वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली की कीमतों में तेजी आई.

एनसीडीईएक्स में अगस्त महीने में डिलिवरी वाले बिनौला खली के अनुबंध के भाव 17.5 रुपये यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,600 रुपये प्रति क्विंटल हो गये जिसमें 960 लॉट का कारोबार हुआ. बिनौला खली के जून माह में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव 25 रुपये अथवा 0.98 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,571 रुपये प्रति क्विंटल हो गये जिसमें 4,810 लॉट का कारोबार हुआ.

जौ की कीमतों में उछाल
हाजिर बाजार की सकारात्मक मांग के कारण सोमवार को वायदा कारोबार में जौ की कीमत 36 रुपये तक की तेजी के साथ 1,925 रुपये प्रति क्विंटल हो गई. एनसीडीईएक्स में मई महीने में डिलिवरी वाले जौ अनुबंध के भाव 36 रुपये यानी 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,925 रुपये प्रति क्विंटल हो गये जिसमें 3,510 लॉट का कारोबार हुआ.

इसी प्रकार जून महीने में डिलिवरी वाले जौ अनुबंध के भाव 22 रुपये यानी 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,931 रुपये प्रति क्विंटल हो गये जिसमें 6,840 लॉट का कारोबार हुआ.

निकेल में 1.43 प्रतिशत की गिरावट
उपभोक्ता उद्योगों की कमजोर मांग के कारण हाजिर बाजार से नकारात्मक संकेत लेते हुए सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में निकेल की कीमत 1.43 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ 835 रुपये प्रति किग्रा रह गयी. एमसीएक्स में मई महीने में डिलिवरी वाले निकेल अनुबंध के भाव 12.10 रुपये यानी 1.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 835 रुपये प्रति किग्रा रह गये जिसमें 12,775 लॉट का कारोबार हुआ.

इसी प्रकार जून महीने में डिलिवरी वाले निकेल अनुबंध के भाव 12.80 रुपये यानी 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 861 रुपये प्रति किग्रा रह गये जिसमें 253 लॉट का कारोबार हुआ.

क्रूड ऑयल लुढ़का
कमजोर वैश्विक रुख के बीच कारोबारियों के अपना सौदा कम करने से सोमवार को वायदा कारोबार में कच्चे तेल की कीमत 1.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,226 रुपये प्रति बैरल रह गयी. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई डिलिवरी वाले कच्चे तेल का मूल्य 81 रुपये यानी 1.88 प्रतिशत की हानि के साथ 4,226 रुपये प्रति बैरल रह गया. इसमें 20,586 लॉट का कारोबार हुआ.

कच्चा तेल के जुलाई डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 133 रुपये यानी 3.04 प्रतिशत की हानि के साथ 4,243 रुपये प्रति बैरल रह गयी. इसमें 13 लॉट का कारोबार हुआ.

इस बीच, वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क मर्केन्टाइल एक्सचेंज में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल की कीमत 1.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60.74 डॉलर प्रति बैरल रह गयी. वहीं ब्रेंट क्रूड का मूल्य 1.72 प्रतिशत घटकर 69.63 डॉलर प्रति बैरल रह गया.

सीसा में गिरावट
घरेलू हाजिर बाजार की सुस्त मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में सीसा की कीमत में 0.85 प्रतिशत तक की गिरावट आई. एमसीएक्स में जून महीने में डिलिवरी वाले सीसा अनुबंध के भाव 1.25 रुपये यानी 0.85 प्रतिशत की हानि के साथ 146.60 रुपये प्रति किग्रा रह गये जिसमें 281 लॉट का कारोबार हुआ.

जीरा वायदा कीमतों में तेजी
विदेशों से होने वाली पूछताछ और स्टॉकिस्टों की मांग में तेजी आने के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में जीरा की कीमत 0.29 प्रतिशत तक की तेजी के साथ 17,030 रुपये प्रति क्विंटल हो गयी.

एनसीडीईएक्स में जून महीने में डिलिवरी वाले जीरा अनुबंध के भाव 50 रुपये यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,030 रुपये प्रति क्विंटल हो गये जिसमें 4,833 लॉट का कारोबार हुआ. इसी प्रकार मई महीने में डिलिवरी वाले जीरा अनुबंध के भाव 25 रुपये यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,880 रुपये प्रति क्विंटल हो गये जिसमें 4,002 लॉट का कारोबार हुआ.

RECOMMENDED

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6