&format=webp&quality=medium)
Shark Tank India का पांचवां सीजन आज यानी 5 जनवरी से शुरू हो रहा है. इस सीजन में 9 जज ऐसे हैं, जो इससे पहले भी शार्क टैंक के मंच पर तमाम स्टार्टअप फाउंडर्स के बिजनेस में पैसे लगा चुके हैं. वहीं 6 जज पहली बार शार्क टैंक में जज की कुर्सी पर बैठे दिखेंगे. इनमें से ही एक जज हैं कनिका टेकरीवाल (Kanika Tekriwal), जो भारत के पहले ट्रांसपेरेंट प्राइवेट एविएशन मार्केटप्लेस जेटसेटगो (JetSetGo) की फाउंडर हैं.
एक वक्त था जब कनिका पायलट बनना चाहती थीं, लेकिन मारवाड़ी परिवार में पैदा हुईं कनिका के सामने सवाल उठे- 'ड्राइवर बनेगी?' और उनका ये सपना अधूरा रह गया. लेकिन कनिका ने एविएशन की दुनिया के लिए अपने प्यार को एक नई पहचान दे दी और शुरू किया जेटसेटगो नाम का स्टार्टअप. कभी महज 5600 रुपये के निवेश से कनिका ने जो बिजनेस शुरू किया था, आज उसका वैल्युएशन 420 करोड़ रुपये से भी ऊपर जा चुका है.
कनिका टेकरीवाल की नेटवर्थ ₹420 करोड़ से अधिक की है. वह हुरुन रिच लिस्ट (Kotak Private Banking Hurun Leading Wealthy Women list 2021) में सबसे कम उम्र की अमीर महिलाओं में शामिल हैं. उनकी कंपनी जेटसेटगो की बात करें तो उसके जरिए अभी तक 1 लाख से ज्यादा यात्रियों को सेवाएं दी जा चुकी हैं. यह कंपनी 6000 से भी अधिक उड़ानों का संचालन कर चुकी है. जेटसेटगो के पास 9 प्राइवेट जेट और 2 हेलिकॉप्टर हैं, जिनके जरिए वह भारत के सबसे बड़े प्राइवेट जेट फ्लीट्स में से एक को मैनेज कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- Shark Tank India Season 5: इस बार जज की कुर्सी पर दिखेंगे 15 जज, 9 हैं पुराने, 6 की न्यू एंट्री, देखें लिस्ट
कनिका ने एक बार कहा था- 'मेरा विमानों के प्रति प्यार बहुत छोटी उम्र में ही शुरू हो गया था. मुझे लगता है मैं 4 साल की थी जब मैंने पहली बार एक हेलिकॉप्टर को उतरते देखा. तभी से मुझे विमानों से प्यार हो गया.'
कनिका का वो बचपन का प्यार उम्र बढ़ने के साथ-साथ और बढ़ता चला गया. इसी के साथ वह खुद कॉकपिट में बैठने का सपना देखने लगीं. कनिका ने जब पायलट बनने की ख्वाहिश अपने परिवार में बताई तो सभी हैरान हो गए. मारवाड़ी परिवार से आने वाली कनिका के माता-पिता ने सोचा बेटी ड्राइवर बनेगी? और वहीं से कनिका को पायलट ना बनने के लिए कहा गया.
परिवार की तरफ से कनिका को पायलट बनने के लिए तो मनाही हो गई, लेकिन विमानों के लिए उनका प्यार कम नहीं हुआ. ऐसे में उन्होंने इस दुनिया से जुड़े रहने का एक दूसरा ही तरीका खोज निकाला, जो आज एक स्टार्टअप की शक्ल ले चुका है. कनिका ने आसमान के लिए उबर बनाने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें- Shark Tank India Season 5: लौट आया बिजनेस की दुनिया का सबसे बड़ा शो! जानिए कितनी तारीख से हो रहा है शुरू
कनिका का आइडिया आसान सा था, लेकिन बहुत ही क्रांतिकारी भी था. उन्होंने प्राइवेट जेट किराए पर चलाने का बिजनेस बनाने की सोची. वह चाहती थीं कि प्राइवेट एविएशन को ज्यादा आसान बनाया जा सके. बस इसी सोच के साथ उन्होंने साल 2014 में सिर्फ 21 साल की उम्र में जेटसेटगो की शुरुआत की.
कनिका का आइडिया तो बहुत ही क्रांतिकारी और यूनीक था, लेकिन उन्हें लोगों का साथ मिलने में बहुत दिक्कतें हुईं. इस स्टार्टअप को शुरू करने में कई अहम चीजें थीं. पहला तो ये कि कनिका एक लड़की थीं, महज 21 साल उम्र थी और ऐसी इंडस्ट्री में घुस रही थीं, जो पुरुष प्रधान थी. जब वह विमानों की जांच के लिए एयरपोर्ट जाया करती थीं, तो लोग उन्हें केबिन क्रू समझ लेते थे. लोग अक्सर उनसे पूछते थे- 'मैडम, आप केबिन क्रू में हैं?'
कनिका का आत्मविश्वास और उनका व्यक्तित्व उस छवि से बिल्कुल मेल नहीं खाता था, जो लोगों के दिमाग में एक प्लेन ऑनर की होती है. यही वजह है कि उन्होंने अपने स्टार्टअप के लिए कई बार फंडिंग भी उठानी चाही, लेकिन हर बार उन्हें नाकामी का सामना करना पड़ता था. हालांकि, कनिका उस शख्स का शुक्रिया अद करती हैं, जिन्होंने उन पर भरोसा किया.
ये भी पढ़ें- Shark Tank जाना चाहिए इन बच्चों को! देखिए कैसे फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर बेच रहे प्रोडक्ट, हर्ष गोयनका हुए फैन
कनिका के अनुसार उन्होंने अपनी जेब से इस बिजनेस में सिर्फ 5600 रुपये लगाए हैं. आज लोग कनिका से अक्सर ये पूछते हैं कि आखिरी उन्होंने अपने बिजनेस के लिए पैसे कैसे जुटाए, बिजनेस आगे कैसे बढ़ाया. कनिका बताती हैं कि उन्होंने सिर्फ 5600 रुपये लगाए और आज उनका स्टार्टअप भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट जेट फ्लीट ऑपरेट करती हैं.
कनिका के अनुसार आज जेटसेटगो सिर्फ एक चार्टर सर्विस नहीं है. यह कंपनी एयरक्राफ्ट मैनेजमेंट करती है, ऑनरशिप से जुड़ी सलाह देती है, एक्सक्लूसिव मेंबरशिप प्रोग्राम्स ऑफर करती है और एविएशन के अगले दौर की तैयारी में भी जुटी हुई है.
शार्क टैंक इंडिया की नई जज कनिका टेकरीवाल की सफलता की कहानी में उनके संघर्ष से लेकर उनकी उपलब्धियां तक सभी शामिल हैं. इनसे एक युवा आंत्रप्रेन्योर को सीखना चाहिए कि कैसे वह अपना बिजनेस शुरू कर सकता है. यह कहानी खासकर उन युवा महिलाओं को प्रोत्साहित करने का काम करेगी, जो किसी ऐसे बिजनेस में कदम रखना चाहती हैं, जिनमें सालों से पुरुषों का दबदबा है.
कनिका टेकरीवाल एक स्टार्टअप फाउंडर हैं, जिन्होंने जेटसेटगो की शुरुआत की है.
जेटसेटगो चार्टर्ड प्लेन मुहैया कराने वाला स्टार्टअप है, जिसके पास 9 प्राइवेट जेट और 2 हेलिकॉप्टर हैं.
शार्क टैंक इंडिया का पांचवा सीजन 5 जनवरी 2026 से शुरू हो रहा है.
शार्क टैंक इंडिया में इस बार कुल 15 जज हैं, जिनमें 9 पुराने और 6 नए जज हैं.
शार्क टैंक इंडिया आप सोनी लिव और सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे देख सकते हैं.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)