&format=webp&quality=medium)
अमरता की सोच इंसान के मन में सदियों से जमी हुई है. कभी दार्शनिकों ने इस पर सवाल उठाए, तो कभी वैज्ञानिकों ने इसे खोजने की कोशिश की. लेकिन आज तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी. विज्ञान और कल्पना की इस सीमा को पार करने का सपना अब टेक्नोलॉजी उद्यमियों ने संभाला और उनमें से एक नाम है Bryan Johnson का.
Bryan Johnson का मानना था कि अगर समय और पैसा दोनों दिल से लगाए जाएं, तो उम्र को पीछे घुमाना नामुमकिन नहीं. लेकिन उनका ये सपना फिलहाल अधूरा रह गया है. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में Johnson ने अपने मशहूर एंटी-एजिंग स्टार्टअप Blueprint को बंद करने या बेच देने की बात कही है. वजह है लगातार बढ़ते नुकसान.
ब्रायन जॉनसन अमेरिका के जाने-माने टेक उद्यमी हैं. उन्होंने Braintree नाम की पेमेंट कंपनी बनाई थी, जिसने Venmo को खरीदा और बाद में PayPal को $800 मिलियन में बेच दिया. इससे उन्हें $300 मिलियन से भी ज्यादा का फायदा हुआ था. इसके बाद उन्होंने Kernel नाम की न्यूरोटेक कंपनी शुरू की और OS Fund नाम से एक वेंचर फंड बनाया जो साइंस और टेक स्टार्टअप्स में निवेश करता है.
Project Blueprint नाम से उन्होंने एक प्रोजेक्ट चलाया, जिसमें वो हर साल करीब $2 मिलियन खर्च करते थे. इसमें 100 से ज्यादा डेली सप्लीमेंट्स, सख्त वीगन डाइट, रोजाना एक्सरसाइज और फोलिस्टेटिन जीन थेरेपी (जो FDA से मंजूर नहीं है) जैसी चीजें शामिल थीं. उनका मकसद था – उम्र को कम करना, शरीर को फिर से जवान बनाना. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने अपनी बायोलॉजिकल एज में काफी गिरावट भी हासिल की थी.
Johnson का ये स्टार्टअप भले ही चर्चाओं में रहा, लेकिन फाइनेंशियल तौर पर ये कामयाब नहीं हो पाया. न ग्राहक जुड़े, न निवेशक. लगातार बढ़ते घाटे के कारण अब उन्होंने इसे बेचने या बंद करने का मन बना लिया है.
भले ही Bryan Johnson का स्टार्टअप बंद हो गया, लेकिन उन्होंने इस फील्ड में जो हलचल मचाई है, वो आने वाले समय में और तेज हो सकती है. शायद भविष्य में अमरता की ये कोशिश दोबारा शुरू हो- किसी और फाउंडर के साथ, किसी और तरीके से. फिलहाल, Bryan Johnson के लिए ये एक ‘ब्रेक’ है, न कि पूरी तरह से ‘स्टॉप’.