&format=webp&quality=medium)
प्लांट-बेस्ड न्यूट्रिशन ब्रांड Earthful ने 5 करोड़ रुपये की नई फंडिंग (Startup Funding) जुटाई है. इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व Porus Labs के फाउंडर श्रीनिवासन नमाला ने किया. 2020 में IIT खड़गपुर की दो बहनों की तरफ से शुरू किया गया यह स्टार्टअप हाल ही में शार्क टैंक इंडिया के चौथे सीजन (Shark Tank India 4) में नजर आया था.
इस फंडिंग के साथ, Earthful ने अब तक कुल 8 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं. कंपनी को OYO के फाउंडर रितेश अग्रवाल से भी 75 लाख रुपये का निवेश कमिटमेंट मिला है, जो उसे Shark Tank India में मिला था. बता दें कि रितेश ने इसमें 2.5 फीसदी इक्विटी के बदले 75 लाख देने का कमिटमेंट किया है. वहीं बाकी के चारों शार्क ने इसमें कोई निवेश नहीं किया था.
Earthful इस फंडिंग का इस्तेमाल नए प्रोडक्ट्स की रिसर्च, ब्रांडिंग और अपनी टीम को मजबूत बनाने में करेगा. कंपनी की योजना हर तिमाही में 3-4 नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की है. साथ ही, वह प्रोडक्शन और वेयरहाउस सुविधाओं का विस्तार भी कर रही है ताकि तेजी से बढ़ते बिजनेस की जरूरतों को पूरा किया जा सके.
Porus Labs के फाउंडर श्रीनिवासन नमाला का मानना है कि आने वाले 5-7 सालों में भारत में हेल्थ सप्लीमेंट्स का बाजार तेजी से बढ़ेगा. उन्होंने कहा, "अब ज्यादा भारतीय हेल्थ को लेकर जागरूक हो रहे हैं. Earthful, जो क्लीन और प्लांट-बेस्ड न्यूट्रिशन पर फोकस करता है, इस मौके का फायदा उठा सकता है."
Earthful पूरी तरह से प्राकृतिक और केमिकल-फ्री सप्लीमेंट्स बनाता है. कंपनी का फोकस मल्टीविटामिन्स, स्किन और हेयर केयर, स्लीप और PCOS जैसी हेल्थ समस्याओं के लिए साइंस-बेस्ड प्रोडक्ट्स तैयार करने पर है.
कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए ऑफलाइन स्टोर्स में भी विस्तार करने की योजना बना रही है. फिलहाल, इसकी 70-75% सेल्स डायरेक्ट इसकी वेबसाइट से हो रही हैं.
Earthful ने पिछले 12 महीनों में तीन गुना ग्रोथ दर्ज की है और 1 लाख से ज्यादा ग्राहकों तक अपनी पहुंच बनाई है. कंपनी के अनुसार, उसके ग्राहकों में से 40-50% लोग बार-बार खरीदारी करते हैं. फिलहाल, Earthful 15 करोड़ रुपये की सालाना रेवेन्यू रन रेट पर काम कर रही है और आने वाले 12-18 महीनों में 5 गुना ग्रोथ हासिल करने का लक्ष्य रखती है.