शार्क टैंक इंडिया का चौथा सीजन (Shark Tank India Season-4) अगले महीने 6 जनवरी से शुरू हो रहा है. ऐसे में इन दिनों शार्क टैंक पाकिस्तान (Shark Tank Pakistan) भी चर्चा में आ गया है. हाल ही में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शरन हेगड़े से इंटरव्यू के दौरान उन्होंने शार्क टैंक के जज अनुपम मित्तल (Anupam Mittal) और अमन गुप्ता (Aman Gupta) से पाकिस्तान के शार्क टैंक को लेकर एक ऐसा सवाल पूछा कि वह हंसने लगे. इस दौरान 300 करोड़ की फंडिंग मांगने वाले फाउंडर की बात पर दोनों खूब हंसे, जिसकी रील भी वायरल हुई थी. हालांकि, बाद में अनुपम मित्तल ने पाकिस्तान में शार्क टैंक आने के फायदे भी समझाए.
1/5शरन हेगड़े ने इंटरव्यू के दौरान अनुपम मित्तल और अमन गुप्ता से शार्क टैंक पाकिस्तान पर उनकी राय पूछी. ये सुनते ही अनुपम मित्तल की हंसी छूट गई और वह बोल पड़े- 'भाई हो रहा क्या है वहां पर?' वहीं अमन गुप्ता ने कहा कि उन्होंने शार्क टैंक पाकिस्तान का एक भी शो नहीं देखा. हालांकि, उन्होंने माना कि उसकी कई सारी क्लिप्स उन्होंने जरूर देखी हैं, जो काफी दिलचस्प लगीं.
2/5शरन हेगड़े से बात करते वक्त शार्क टैंक पाकिस्तान में 300 करोड़ रुपये की फंडिंग मांगने वाले वायरल एपिसोड का भी जिक्र हुआ. बता दें कि शार्क टैंक पाकिस्तान में एक मशीनरी कंपनी के फाउंडर्स ने आकर 300 करोड़ रुपये (करीब 91 करोड़ भारतीय रुपये) 3 फीसदी की इक्विटी के बदले मांगे थे. ये सुनते ही सारे शार्क हैरान रह गए कि उन्होंने कंपनी की वैल्युएशन 100 अरब रुपये लगाई है. हालांकि, फाउंडर बोले- 'मुझे ये नहीं समझ आ रही कि 300 करोड़ रुपये पाकिस्तानियों के लिए कब से बड़ी बात हो गई? मेरे ख्याल से तो ये आप लोगों के लिए मूंगफली होनी चाहिए थी, तभी मैं आया. मुझे पता होता कि ये आपके लिए बड़ी रकम है तो मैं आपसे वही डिमांड करता जो आप दे सकते थे.'
3/5अमन गुप्ता ने 300 करोड़ की फंडिंग वाले वायरल एपिसोड की बात करते हुए कहा- 'किसी ने मुझे टैग किया था, 300 करोड़ रुपये कोई दे रहा था और वो बड़ा सही इंट्रेस्टिंग था, अरे 300 करोड़ रुपये पाकिस्तान के लिए क्या हैं, हम तो ऐसी कंपनियों में इन्वेस्ट कर देते हैं.'
4/5अनुपम मित्तल ने शार्क टैंक पाकिस्तान के बारे में बात करते हुए कहा- 'मैं ईमानदारी से बोल रहा है, मैंने कुछ क्लिप्स देखी हैं और मैं बहुत हंसा, क्योंकि वहां इन्वेस्टमेंट के तौर पर कुछ चीजें फंडामेंटली और टेक्निकली गलत थीं. किसी ने शो में 300 करोड़ निवेश किए. ऐसा थोड़ी होता है यार.'
5/5अनुपम मित्तल ने कहा कि अगर किसी देश को विकसित होना है और एक सुपरपावर जैसा बनना है तो इसके लिए पड़ोसी देशों का भी विकसित होना जरूरी है. उन्होंने कहा- अगर आपके पास इकनॉमिक ग्रोथ नहीं है तो आप परेशानियां पैदा करते हो. अगर कोई प्रोडक्टिव नहीं है तो वह परेशानियां पैदा करता है. पाकिस्तान के साथ भी ऐसा ही है. अगर पाकिस्तान प्रोडक्टिव नहीं होगा तो वह दिक्कतें पैदा करेगा, जिसे भारत को भी झेलना पड़ेगा. इससे हमारी ग्रोथ भी धीमी हो जाएगी. ऐसे में शार्क टैंक पाकिस्तान का लोगों को प्रेरित करना बहुत जरूरी है, ताकि पूरा देश सही दिशा में काम कर सके.