&format=webp&quality=medium)
Shark Tank India में आ चुके गुवाहाटी के एक अल्ट्रा-फास्ट फैशन ब्रांड Littlebox ने 2.1 मिलियन डॉलर यानी लगभग 17.5 करोड़ रुपए की सीड फंडिंग जुटाई है. इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व Huddle Ventures और Prath Ventures ने मिलकर किया. इसके साथ ही कुछ एंजेल इन्वेस्टर्स ने भी इस राउंड में भाग लिया.
बता दें कि शार्क टैंक इंडिया के तीसरे सीजन में जब ये स्टार्टअप आया था तो सभी शार्क ने इसमें पैसे लगाए थे, यानी इन्हें ऑल शार्क डील मिली थी. अब कंपनी इस नई फंडिंग से अपनी ग्रोथ को और रफ्तार देने की तैयारी में है.
Littlebox एक D2C यानी डायरेक्ट-टू-कंज़्यूमर ब्रांड है. इसका मतलब है कि यह फैशनेबल कपड़े सीधे अपने कस्टमर्स को बेचता है. कंपनी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर नए ट्रेंड्स हर 25 दिन में लॉन्च होते हैं. इनका इन्वेंट्री साइकल भी काफी छोटा है, जो सिर्फ 15 दिन का होता है, जिससे पुराने डिजाइन स्टॉक में नहीं अटकते.
कंपनी इस फंडिंग का इस्तेमाल कई चीजों में करेगी. इसका इस्तेमाल वेबसाइट और ऐप का अनुभव बेहतर बनाने से लेकर लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग और ग्राहक संतुष्टि में निवेश किया जाएगा. इसके साथ ही ब्रांड मार्केटिंग को भी बढ़ाया जाएगा, ताकि Littlebox की पहचान और मजबूत हो सके.
Littlebox की शुरुआत 2022 में हुई थी. इसे पति-पत्नी की जोड़ी रिमझिम डेका और पार्थ काकाती ने मिलकर शुरू किया था. रिमझिम कहती हैं, “गुवाहाटी ने हमें सिखाया कि कम संसाधनों में काम कैसे किया जाता है, जमीन से जुड़े रहना और तेजी से बढ़ना जरूरी है. हमने Littlebox इस सोच के साथ बनाया कि फैशन ट्रेंडी हो, लेकिन पॉकेट-फ्रेंडली और टिकाऊ भी हो.”
कंपनी के पास अब करीब 100 लोगों की टीम है. अब तक ये करीब 12 लाख ऑर्डर डिलीवर कर चुकी है. इनकी वेबसाइट पर हर दिन लगभग 1 लाख विजिटर आते हैं. प्रोडक्शन और वेयरहाउस दिल्ली-एनसीआर से मैनेज किया जाता है.
Littlebox का मॉडल दिखाता है कि आज के दौर में स्पीड, स्मार्टनेस और सस्टेनेबिलिटी साथ-साथ चल सकते हैं. बड़े-बड़े फैशन ब्रांड जहां भारी स्टॉक और खर्च के तले दबे रहते हैं, वहीं Littlebox जैसे नए खिलाड़ी कम समय में ज़्यादा नया और ताज़ा देने पर फोकस कर रहे हैं.