&format=webp&quality=medium)
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy ने अब सस्ते में खाने की तलाश करने वालों को एक नया तोहफा दिया है. कंपनी ने अपने ऐप पर एक नया सेक्शन ‘₹99 Store’ लॉन्च किया है, जहां थाली का खाना सिर्फ ₹99 में मिलेगा. यह सुविधा खासतौर पर कॉलेज स्टूडेंट्स, पहली बार कमाने वालों और रोज सस्ते खाने की तलाश में रहने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है.
ये स्टोर अब देश के 175 से ज्यादा शहरों में लाइव है, जिसमें बड़े महानगरों के साथ-साथ पटना, मैसूर, देहरादून, तिरुपति जैसे टियर-2 शहर भी शामिल हैं. आपको रोल, बिरयानी, नूडल्स, साउथ इंडियन डिशेस, नॉर्थ इंडियन थाली, बर्गर, पिज्जा, केक और भी बहुत कुछ ₹99 के फ्लैट रेट में उपलब्ध होगा. यानी अब आपको अच्छे खाने के लिए जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी.
इसके तहत ऑर्डर करने पर Eco Saver डिलीवरी मोड के जरिए ग्राहकों को फ्री डिलीवरी भी मिलेगी. यह एक किफायती डिलीवरी ऑप्शन है, जो क्वालिटी सर्विस के साथ-साथ लागत में भी कटौती करता है.
स्विगी ने इस ₹99 स्टोर को अपने मौजूदा ऐप में ही शामिल किया है. यहां डिश-फर्स्ट लेआउट रखा गया है, जिससे यूजर सीधे पसंदीदा खाने को देख सके और जल्दी ऑर्डर कर सके. ये उन लोगों के लिए भी खास है, जिन्हें खाना चुनने में ज्यादा समय लगाना पसंद नहीं होता है.
स्विगी के फूड मार्केटप्लेस के सीईओ रोहित कपूर ने कहा, “₹99 सिर्फ एक दाम नहीं है, ये हमारा वादा है कि हम क्वालिटी से समझौता किए बिना ही रोज का खाना सस्ता और आसान बनाएंगे.”