&format=webp&quality=medium)
बेंगलुरु की फिटनेस यूनिकॉर्न (Unicorn) कंपनी CureFit ने एक बार फिर अपने पुराने निवेशक से ताजा फंडिंग (Funding) हासिल की है. यह फंडिंग ऐसे समय में आई है जब कंपनी अपना आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी कर रही है. कंपनी को 2 मिलियन डॉलर यानी करीब 16.8 करोड़ रुपये की रकम मिली है. यह पैसा First Luxembourg SCA ने लगाया है, जो कि जर्मनी की हेल्थ और वेलनेस कंपनी LifeFit Group की सब्सिडियरी है.
कंपनी ने यह फंडिंग 340,000 कंवर्टिबल प्रेफरेंस शेयर्स जारी कर के की है. हर शेयर की कीमत 483.62 रुपये रखी गई थी. खास बात यह है कि यह निवेश 1.6 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुआ है, जो कंपनी की 4 साल पहले की वैल्यूएशन के बराबर ही है.
CureFit के सीईओ नरेश कृष्णास्वामी ने फंडिंग की पुष्टि की है. उन्होंने कहा, "हमें इस समय किसी भी कॉर्पोरेट काम के लिए फंडिंग की ज़रूरत नहीं थी. यह एक मौजूदा निवेशक की ओर से खुद आया प्रस्ताव था, जिसे हमने स्वीकार कर लिया."
CureFit की शुरुआत 2016 में हुई थी. इसे मशहूर सीरियल आंत्रप्रेन्योर मुकेश बंसल और अंकित नागोरी ने शुरू किया था. यह कंपनी आज Cult.fit ब्रांड के तहत काम करती है और इसका प्लेटफॉर्म फिटनेस, मेंटल हेल्थ और प्राइमरी हेल्थ केयर जैसी सेवाएं देता है. इसमें Mind.fit और Care.fit जैसी ब्रांच भी शामिल हैं.
Cult.fit का नेटवर्क देशभर में 700 से ज्यादा फिटनेस सेंटर्स का है. ये सेंटर 40 से अधिक शहरों में फैले हुए हैं. कंपनी का बिजनेस मॉडल हाइब्रिड है, जिसमें खुद की ब्रांच के साथ-साथ फ्रेंचाइज़ी और थर्ड पार्टी जिम भी शामिल हैं.
वित्त वर्ष 2023-24 में CureFit की कमाई 926.6 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल के मुकाबले 33.6% ज्यादा है. हालांकि, कंपनी का नेट लॉस 42% बढ़कर 888.5 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसका मुख्य कारण बढ़ा हुआ खर्च और कैश बर्न बताया जा रहा है. कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा देश के छह बड़े शहरों से आता है- बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली-NCR, मुंबई, पुणे और चेन्नई से ही कुल कारोबार का 90% हिस्सा जुड़ा हुआ है.