&format=webp&quality=medium)
मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट मार्केट में एक दिलचस्पी ट्रेंड नोटिस किया जा रहा है. दरअसल साउथ मुंबई को लेकर यह माना जाता था कि इस पॉश इलाकों में ज्यादातर वहीं रहने वाले अमीर ही घर खरीदते हैं. लेकिन, इस ट्रेंड में बड़ा बदलाव आ रहा है. शहर के दूसरे इलाकों में रहने वाले अमीर भी अब साउथ मुंबई में आकर बड़ी संख्या में घर खरीद रहे हैं. इंडिया सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी और CRE मैट्रिक्स की ताजा रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है.
इंडिया सोथबीज और CRE मैट्रिक्स के मुताबिक साउथ मुंबई में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत वाले लग्जरी घर खरीदने वाले 24 फीसदी खरीदार साउथ मुंबई के बाहर के इलाकों से आ रहे हैं. अमीर खरीदारों में सबसे ज्यादा 7 फीसदी लोग गोरेगांव ईस्ट से हैं, जो लिस्ट में सबसे ऊपर है. गोरेगांव के अलावा लोअर परेल और मालाबार हिल से भी 5-5 फीसदी खरीदार आए हैं. वहीं, जुहू, कोलाबा और अंधेरी वेस्ट जैसे इलाकों से 3-3 फीसदी खरीदारों ने महंगे घरों में निवेश किया है.
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई के वेस्ट और मध्य उपनगरों में रहने वाले हाई नेटवर्थ व्यक्ति (HNI) शहर के प्राइम लग्जरी हब में अपना नया आशियाना बना रहे हैं. रिपोर्ट में इस बात पर भी इशारा किया गया है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, नए और वर्ल्ड क्लास सुविधाओं वाले लग्जरी प्रोजेक्ट्स के लॉन्च और लोगों की बढ़ती इनकम ने इस ट्रेंड को बढ़ावा दिया है. ज्यादा बड़े घर और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए लोग साउथ बॉम्बे और दूसरी प्राइम लोकेशन की तरफ बढ़ रहे हैं.
India Sotheby’s International Realty और डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के ₹10 करोड़ से अधिक मूल्य वाले लक्जरी रेजिडेंशियल मार्केट ने 2025 की पहली छमाही में ₹14,750 करोड़ की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की, जो अब तक की किसी भी छमाही में सबसे अधिक है. यह आंकड़ा प्राइमरी और सेकेंडरी, दोनों प्रकार की होम ट्रांजैक्शंस को मिलाकर सामने आया है. पिछले वर्ष की समान अवधि (H1 CY’24) के ₹12,300 करोड़ की तुलना में बिक्री में 11% की वृद्धि दर्ज की गई है.