&format=webp&quality=medium)
Representative Image
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सबसे पॉश इलाके साउथ दिल्ली में हुई एक बड़ी डील ने रियल एस्टेट मार्केट में तहलका मचा दिया है. डेटाफॉरइंडिया (DataforIndia) के फाउंडर अखिल वाबले ने यहां पर 113 करोड़ रुपए का आलीशान बंगला खरीदा है. इसे साल 2025 में इस इलाके में हुई सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील कहा जा रहा है. इस डील की सबसे खास बात है कि इस बंगले को बेचने वाले ने महज तीन महीने में ही 18 करोड़ रुपए का मोटा मुनाफा कमा लिया है.
रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म Zapkey के मुताबिक यह सौदा 25 जून को हुआ है. विक्रेता कंपनी ने यह बंगला इसी साल मार्च 2025 में 95 करोड़ रुपए में खरीदा था. इसे अब 113 करोड़ रुपए में बेचकर सफल ट्रेड किया है. इस आलीशान बंगले के अब नए मालिक अखिल वाबले हैं. उनके पिता अरविंद वाबले एडवर्टाइजमेंट एजेंसी 'ड्राफ्टएफसीबी उल्का' के सीईओ रहे हैं. इस डील के लिए अखिल वाबले ने 7.91 करोड़ रुपए की स्टांप ड्यूटी और 1.13 करोड़ रुपए रजिस्ट्रेशन फीस और 4.52 करोड़ रुपए ट्रांसफर ड्यूटी के तौर पर भुगतान किया है.
1280 वर्ग गज में फैली ये प्रॉपर्टी वसंत विहार में A केटेगरी की लोकेशन में आती है, जहां सरकारी सर्कल रेट के हिसाब से जमीन की न्यूनतम कीमत 7,74,000 रुपए प्रति वर्ग मीटर है. इस हिसाब से 1070.23 वर्ग मीटर के इस प्लॉट का सरकारी वैल्यूएशन ही लगभग 82.83 करोड़ रुपए होता है. इस सौदे में नीतू भूटानी और विशाल वर्मा गवाह के तौर पर शामिल हुए हैं. यह डील साबित करती है कि साउथ दिल्ली में प्रॉपर्टी के लिए खरीदार प्रीमियम कीमत चुकाने को तैयार हैं.
साउथ दिल्ली की इस डील पर अंकुर जलान, सीईओ, गोल्डन ग्रोथ फंड, कैट-II ने कहा, "दक्षिण दिल्ली में रियल एस्टेट के प्रति लोगों की अच्छी-खासी रुचि देखी गई है. इस बाजार में बहुत कम इन्वेंट्री आती है, खासकर उन मालिकों की ओर से जो अपनी संपत्ति का मुद्रीकरण करना चाहते हैं, इसका मतलब है कि उन्हें निवेशक और एंड कंज्यूमर दोनों ही प्रीमियम देने को तैयार हैं. इससे कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है. वसंत विहार में फिलहाल लगभग 9-12 लाख रुपये प्रति वर्ग गज की दर से लेनदेन हो रहा है."