&format=webp&quality=medium)
Noida, Yamuna Expressway Real Estate: दिल्ली एनसीआर के रियल एस्टेट मार्केट की रफ्तार दूसरे शहरों के मुकाबले काफी तेजी से आगे बढ़ रही है. इस तेजी को गुरुग्राम या दिल्ली नहीं बल्कि नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे से सबसे ज्यादा बूस्ट मिल रहा है. कुशमैन एंड वेकफील्ड की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 2025 की अप्रैल से जून की दूसरी तिमाही में 9,156 नए रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट लॉन्च किए गए हैं. यह बीते दो साल की औसत तिमाही लॉन्च की तुलना में 38 फीसदी की वृद्धि हुई है. तिमाही की सबसे खास बात है कि लॉन्च हुए कुल घरों में कुल 77 फीसदी हिस्सेदारी मिड सेगमेंट (मिडिल क्लास वर्ग) के घरों की थी. दूसरी तरफ गुरुग्राम में केंद्रित लक्जरी सेगमेंट के लॉन्च में पिछले साल की तुलना में 50 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई.
कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा के रियल एस्टेट की इस तेजी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी यमुना एक्सप्रेसवे की रही है. यहीं पर कुल नए लॉन्च में से 26 फीसदी घर मार्केट में उतारे हैं. यह दिल्ली एनसीआर के किसी भी दूसरे इलाके से सबसे ज्यादा है. इसके अलावा नोएडा एक्सटेंशन और ग्रेटर नोएडा में भी लगभग 1100-1100 यूनिट्स लॉन्च की गईं है. इससे यह तिमाही नोएडा क्षेत्र के लिए एक शानदार तिमाही साबित हुई है.
कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा में घरों की कीमतों में साल दर साल 9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा किराये में भी 5 से 6 फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है. नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के रियल एस्टेट में इस तेजी से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का जल्द शुरू होना है. साथ ही बेहतरीन कनेक्टिविटी, तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर और किफायती दाम इस इलाकों को घर खरीदारों के लिए आकर्षक बना रहे हैं.
सिक्का ग्रुप के चेयरमैन, हरविंदर सिंह सिक्का का कहना है कि नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे में हो रहा यह रियल एस्टेट बूम पूरी तरह से इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ और आने वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की वजह से है. मिड-सेगमेंट के घरों की बढ़ती डिमांड यह दिखाती है कि यहां मिडिल क्लास खरीदारों के लिए बड़ा अवसर बन रहा है.
एसकेए ग्रुप के डायरेक्टर, संजय शर्मा का कहना है कि यमुना एक्सप्रेसवे अब दिल्ली-एनसीआर का सबसे हॉट डेस्टिनेशन बन चुका है. बेहतरीन कनेक्टिविटी और किफायती दाम के कारण यहां निवेशकों और एंड-यूजर्स दोनों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह इलाका गुरुग्राम को भी टक्कर देगा.
मिगसन ग्रुप के एमडी यश मिगलानी का कहना है कि नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे अब मिड सेगमेंट और अफोर्डेबल हाउसिंग का नया केंद्र बन चुके हैं. एयरपोर्ट, मेट्रो और इंडस्ट्रियल हब्स के कारण यहां प्रॉपर्टी की वैल्यू और बढ़ने वाली है। यह खरीदारों के लिए गोल्डन टाइम है.