वर्ली-मालाबार हिल्स भूल जाएं, ये 2 इलाके बने मुंबई के अरबपतियों के अड्डे, 6 महीने में 254% बढ़े प्रॉपर्टी के दाम

Mumbai Luxury Real Estate: मुंबई का तारदेव और बांद्रा वेस्ट का इलाका अमीरों की पहली पसंद बन गया है. यहां पर प्रॉपर्टी की कीमत दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है. जानिए क्या कहती है रिपोर्ट.
वर्ली-मालाबार हिल्स भूल जाएं, ये 2 इलाके बने मुंबई के अरबपतियों के अड्डे, 6 महीने में 254% बढ़े प्रॉपर्टी के दाम

Mumbai Tardeo and Bandra East Property Prices: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अमीरों के घर खरीदने के पैटर्न में एक बड़ा बदलाव आ रहा है. पिछले कई दशकों से वर्ली और मालाबार हिल जैसे इलाकों की चमक धीरे-धीरे फीकी पड़ रही है. सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी और CRE मैट्रिक्स की ताजा रिपोर्ट में ये बात सामने आई है कि शहर के अमीर खरीदार बांद्रा वेस्ट और तारदेव जैसे नए इलाकों में जमकर अपनी जेब ढीली कर रहे हैं. साल 2025 की पहली छमाही में तारदेव सबसे मजबूत और तेजी से उभरने वाला लक्जरी बाजार बन गया है. गौरतलब है कि पिछले 12 महीनों में मुंबई में कुल 1,335 लक्जरी (प्राइमरी + सेकेंडरी) बेची गईं. किसी भी 12 महीने की अवधि में अब तक की सबसे अधिक बिक्री है.

तारदेव में प्रॉपर्टी की कीमतों में 254% की बढ़ोतरी

रिपोर्ट के मुताबिक 2025 की पहली छमाही में तारदेव में लक्जरी घरों की बिक्री मूल्य में 254% की असाधारण बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 2024 की पहली छमाही में बिके 12 लग्जरी घरों का कुल बिक्री मूल्य 247 करोड़ रुपए था. वहीं, 2025 की पहली छमाही में बिके 47 लक्जरी घरों का कुल बिक्री मूल्य बढ़कर 875 करोड़ रुपए हो गया. तारदेव के अलावा बांद्रा वेस्ट भी करोड़पतियों का नया हॉटस्पॉट बनकर उभर रहा है. इस इलाके में घरों की बिक्री में 192% का जबरदस्त उछाल देखा गया है, ये 362 करोड़ रुपए से बढ़कर 1057 करोड़ रुपए हो गई है. वहीं, लक्जरी घरों की संख्या 19 से बढ़कर 44 हो गई है.

Add Zee Business as a Preferred Source

वर्ली अभी भी बना हुआ बड़ा इलाका

सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी और CRE मैट्रिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक भले ही वर्ली इलाके की चमक में कमी आई है लेकिन, यह आज भी बिक्री मूल्य के हिसाब से मुंबई का शीर्ष लक्जरी बाजार बना हुआ है, जहां 2400 करोड़ रुपए के घर बिके हैं. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले यहां बिक्री में 15 फीसदी की गिरावट आई है. दूसरी तरफ मालाबार हिल्स के इलाके में भी बिक्री मूल्य में 13 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. प्रभादेवी इलाका बिकने वाले घरों की संख्या के मामले में सबसे आगे रहा, जहां यूनिट्स की बिक्री 42 से बढ़कर 56 हो गई.

अल्ट्रा प्रीमियम होम्स की मांग स्थिर

India Sotheby’s International Realty के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुदर्शन शर्मा ने कहा "मुंबई का लक्जरी रियल एस्टेट मार्केट एक निर्णायक मोड़ पर है. H1 2025 में रिकॉर्ड बिक्री से यह साफ है कि वर्ली, प्रभादेवी, तारदेव, मालाबार हिल और बांद्रा वेस्ट जैसे इलाकों में अल्ट्रा-प्रीमियम होम्स की मांग स्थिर बनी हुई है. इसका कारण बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और हाई-क्वालिटी प्रोजेक्ट्स का लॉन्च है. भारत की बढ़ती संपत्ति भी इस मांग को समर्थन देती है. हालांकि, वैश्विक स्तर पर व्यापार शुल्क, भू-राजनीतिक तनाव और कमजोर स्टॉक मार्केट्स के चलते वर्ष 2025 के बाकी महीनों के लिए दृष्टिकोण सतर्क और चयनात्मक रहने की संभावना है."

14,750 करोड़ रुपए की बिक्री का नया कीर्तिमान

CRE Matrix के को-फाउंडर और CEO अभिषेक किरण गुप्ता ने कहा: "H1 CY’25 में मुंबई के लक्जरी रियल एस्टेट बाजार ने ₹14,750 करोड़ की बिक्री के साथ नया कीर्तिमान रच दिया. H2 CY’24 को मिलाकर पिछले 12 महीनों में कुल बिक्री ₹28,750 करोड़ तक पहुंच गई. यह अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है. इस दौरान 1,335 लक्ज़री यूनिट्स बिकीं, जो किसी भी 12 महीने की अवधि में सर्वाधिक है. विशेषकर ₹20 करोड़–₹40 करोड़ सेगमेंट में स्थिर बढ़त यह दर्शाती है कि हाई-एंड खरीदारों में आत्मविश्वास और रुचि बनी हुई है, भले ही वे अब ज्यादा चयनात्मक हो गए हों.”

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6