&format=webp&quality=medium)
NBCC Real Estate: सार्वजनिक क्षेत्र की मिनिरत्न कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने ई-नीलामी के जरिए नोएडा में 1,468 करोड़ रुपये में 446 अपार्टमेंट बेचे हैं. एनबीसीसी ने हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि कंपनी ने ई-नीलामी के जरिए उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-76 में एस्पायर सिलिकॉन सिटी, PH-4 में 446 हाउसिंग यूनिट्स बेची हैं. इन यूनिट्स का कुल बिक्री मूल्य लगभग 1,467.93 करोड़ रुपये है.
एनबीसीसी की रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक मिनिरत्न पीएसयू को इस बिक्री मूल्य की एक फीसदी मार्केटिंग फीस मिलेगी. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, एनबीसीसी (इंडिया) के जरिए आम्रपाली समूह की अटकी प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए ‘आम्रपाली रुकी हुई परियोजना निवेश पुनर्निर्माण प्रतिष्ठान’ (एस्पायर) का गठन किया गया था. एनबीसीसी को 38,000 फ्लैटों का निर्माण पूरा करके घर खरीदारों को सौंपने के लिए कहा गया है.
अपार्टमेंट की ई-नीलामी से एनबीसीसी को परियोजनाओं को पूरा करने और इन परियोजनाओं के लिए लिए गए कर्ज के भुगतान में मदद मिलेगी. आपको बता दें कि NBCC ने एनबीसीसी ओवरसीज रियल एस्टेट एलएलसी नाम से दुबई में अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी बनाई है. एक्सचेंज की दी जानकारी के मुताबिक, यह नई कंपनी दुबई में रियल एस्टेट खरीदने और बेचने का काम करेगी. वित्त मंत्रालय के दीपम विभाग ने 24 फरवरी 2025 को एक आदेश में दुबई में एनबीसीसी को पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी स्थापित करने की मंजूरी दी थी.
NBCC को अभी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से ओवरसीज डायरेक्ट इनवेस्टमेंट की मंजूरी से मिलना बाकी है. कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस नए यूनिट का मुख्य उद्देश्य दुबई में रियल एस्टेट कारोबार को आगे बढ़ाना है. इसे मुख्य रूप से रियल एस्टेट की खरीद और बिक्री शामिल होगी.