&format=webp&quality=medium)
Real Estate Report: देश के आठ प्रमुख शहरों में आवास बिक्री मजबूत मांग कायम रहने के बीच जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान दो प्रतिशत की वृद्धि के साथ 88,274 यूनिट्स हो गई है. रियल एस्टेट एडवाइजरी कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया ने बृहस्पतिवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी. रिपोर्ट ‘इंडिया रियल एस्टेट: आवास एवं कार्यालय (जनवरी-मार्च 2025)’ में आठ प्रमुख शहरों के प्राथमिक (नए घर) आवास बाजार में मांग में स्थिरता दिखाई गई.
नाइट फ्रैंक ने कहा कि मार्च तिमाही में नए घरों की बिक्री सालाना आधार पर दो प्रतिशत की वृद्धि के साथ 88,274 यूनिट्स तक पहुंच गई है. नाइट फ्रैंक के आंकड़ों के अनुसार, मार्च तिमाही के दौरान बिक्री में मामूली वृद्धि हुई है, जबकि अन्य रियल एस्टेट एडवाइजरी कंपनियों- प्रॉपइक्विटी और एनारॉक की रिपोर्ट के अनुसार 2025 की पहली तिमाही में आवास की मांग में क्रमश: 23 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की गिरावट आई है.
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘कुछ क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी की चिंताओं के बावजूद रियल एस्टेट बाजार मजबूत बना हुआ है. प्रीमियम सेगमेंट की ओर निरंतर का रुझान घर खरीदने वालों की बेहतर लाइफस्टाइल और रहने की बड़ी जगह की आकांक्षाओं को दर्शाता है.’ इससे पहले एनारॉक ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि 2025 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में, देश के 7 बड़े शहरों में करीब 93,280 घर बिके. यह पिछले साल की इसी तिमाही में बिके 1.30 लाख से ज्यादा घरों के मुकाबले काफी कम है.
एनारॉक की रिपोर्ट के मुताबिक घरों की बिक्री में सबसे बड़ी सालाना गिरावट (49% की कमी) हैदराबाद में देखी गई, जबकि बेंगलुरु में सबसे कम (16%) गिरावट हुई. जनवरी से मार्च की तिमाही के बीच नए घरों को लॉन्च की रफ्तार भी 10% कम हुई है. 2024 की पहली तिमाही में लगभग 1.11 लाख नए घर लॉन्च हुए थे, जबकि 2025 की पहली तिमाही में यह संख्या 1 लाख से थोड़ी ज्यादा रही है. हालांकि, NCR, बेंगलुरु और कोलकाता में नए घरों की सप्लाई पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है.