&format=webp&quality=medium)
Maharashtra Real Estate: मुंबई का प्रॉपर्टी मार्केट मई 2025 में गुलजार रहा है. इस महीने देश की आर्थिक राजधानी में 11504 प्रॉपर्टी की खरीद और बिक्री दर्ज की गई है. यह बीते साल मई महीने के मुकाबले 5.3 फीसदी ज्यादा है, ये प्रॉपर्टी बाजार में मजबूती का संकेत देता है. नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इन सौदों से सरकार की तिजौरी भी जमकर भरी है. सरकार को स्टांप ड्यूटी के तौर पर 1,057 करोड़ रुपए से भी ज्यादा का रेवेन्यू मिला है.
नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक प्रॉपर्टी को खरीदने वालों में अधिकतम मुंबई और आसपास के इलाकों (MMR) में रहने वाले लोग ही हैं. कुल रजिस्ट्रेशन में से 86 फीसदी खरीदार इसी क्षेत्र के थे. इसके अलावा मई 2025 में हर दिन औसतन 555 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए हैं. इससे पता चलता है कि स्थानीय लोग अपने क्षेत्र में ही घर खरीदने में काफी ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक 500 से 1000 वर्ग फुट वाले फ्लैट्स की सबसे ज्यादा मांग रही है. कुल बिक्री में इन फ्लैट्स का कुल हिस्सा 47 फीसदी रहा है.
लोकेशन की बात करें तो मुंबई के वेस्टर्न सबर्ब्स घर खरीदानों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहे हैं. कुल बिक्री में इस इलाके की हिस्सेदारी 59 फीसदी थी, जो इसे मुंबई का सबसे पसंदीदा रिहायशी इलाका बनाता है. नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में घरों की मांग अभी भी काफी मजबूत बनी हुई है. खरीदार अब उन डेवलपर्स को पसंद कर रहे हैं जो ज्यादा भरोसेमंद है. साथ ही समय पर अच्छा काम भी करके देते हैं. इसके अलावा, ब्याज दरों का स्थिर रहना और लोगों की इनकम का सही स्तर भी रियल एस्टेट बाजार को बूस्ट दे रहा है.
नाइट फ्रैंक इंडिया से पहले एनारॉक की रिपोर्ट के मुताबिक लग्जरी सेगमेंट (ढाई करोड़ रुपए से अधिक कीमत वाले घर) में बड़ी संख्या में नए फ्लैट्स बनने के कारण बिना बिके घरों की इन्वेंटरी में बढ़ोतरी हुई है. एनारॉक के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2022 के बाद पहली बार, 2025 की पहली तिमाही में लग्जरी घरों के बिना बिके स्टॉक में सालाना आधर पर 36 फीसदी का उछाल देखा गया है. साल 2024 की पहली तिमाही के आखिरी में यह आंकड़ा लगभग 6180 यूनिट्स था, जो पहली तिमाही के अंत तक बढ़कर 8420 यूनिट्स हो गया.