&format=webp&quality=medium)
Gurugram Southern Peripheral Road गुरुग्राम की सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) अब भारत के सबसे तेजी से विकसित हो रहे रियल एस्टेट और इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर में से एक बनता जा रहा है. पहले जिसे सिर्फ सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को जोड़ने वाला रास्ता माना जाता था, वह अब एक प्रीमियम रियल एस्टेट हब के रूप में उभर रहा है. यहां ₹1 लाख करोड़ से अधिक के रेसिडेंशियल और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स या तो शुरू हो चुके हैं या योजना में हैं, और रोड कनेक्टिविटी की बड़ी कमी भी तेजी से दूर की जा रही है. इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक यहां रियल एस्टेट बिक्री ₹1 लाख करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद.
पिछले दो वर्षों में ही डेवलपर्स ने एसपीआर पर ₹50,000 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए हैं. यह आंकड़ा 2027 तक दोगुना होने की उम्मीद है, जिससे यह देश के सबसे सक्रिय माइक्रो-मार्केट्स में से एक बन जाएगा. इस दौरान यहां प्रॉपर्टी रेट्स भी तेजी से बढ़े हैं. कुछ जगहों पर दाम ₹25,000 प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गए हैं. डीएलएफ और सिग्नेचर ग्लोबल जैसे प्रमुख डेवलपर्स इस ग्रोथ को लीड कर रहे हैं. डीएलएफ अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी कर रहा है, वहीं सिग्नेचर ग्लोबल सदर्न पेरिफेरल रोड पर 93 एकड़ में फैला एक टाउनशिप विकसित कर रहा है, जिसमें 1.7 करोड़ वर्ग फुट बिक्री योग्य क्षेत्र होगा और बिक्री का लक्ष्य ₹27,000 करोड़ रखा गया है.
| वर्ष | लॉन्च (यूनिट) | बिक्री (यूनिट) | बिक्री का मूल्य (करोड़ रुपये में) |
| 2022 | 1500 | 1225 | 1483 |
| 2023 | 5501 | 5198 | 16435 |
| 2024 | 6656 | 5709 | 25410 |
| 2025 (जनवरी-अप्रैल) | 584 | 1420 | 7829 |
| कुल | 14241 | 13552 | 51157 |
स्रोत: प्रॉपइक्विटी
SPR में तेजी का बड़ा कारण सरकार द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर पर दिया जा रहा जोर है. गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने हाल ही में सेक्टर 71 और 65 के पास दो जमीन के टुकड़े अधिग्रहित किए हैं, जिससे दो जरूरी लिंक रोड्स बनना अब संभव हो गया है. ये छोटी मगर रणनीतिक सड़कों (350 मीटर और 170 मीटर) से लोगों को लंबे रास्ते कम लेने होंगे, नई जल और सीवर लाइनों के लिए रास्ता बनेगा, और सेक्टर 62–65 व 71–73 के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इन दोनों ज़मीनों की लागत ₹3.2 करोड़ रही और जल्द ही टेंडर भी निकाले जाएंगे.
वटिका चौक से NH-8 तक 5.5 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम चल रहा है, जिस पर ₹750 करोड़ खर्च होंगे. इसमें ₹620 करोड़ निर्माण और ₹130 करोड़ भूमि के लिए रखे गए हैं. यह छह लेन का रोड द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और NH-248A को आसानी से जोड़ने में मदद करेगा. इस रोड में कई एंट्री-एग्ज़िट रैंप और क्लोवरलीफ इंटरचेंज भी होंगे, जिससे सफर का समय घटेगा और जाम से राहत मिलेगी.
एनएचएआई भी खेड़की दौला टोल प्लाजा को अगले तीन महीनों में पंचगांव शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है, जिससे एसपीआर से सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी. इसके साथ-साथ एसपीआर पर 95 किलोमीटर से अधिक सड़कों को अपग्रेड किया जा रहा है, बाढ़ नियंत्रण योजनाएं, सर्विस लेन, स्टॉर्म वॉटर ड्रेन, और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं. फ्लाईओवर और बेहतर सेक्टर-सेक्टर लिंक जैसी सुविधाओं से जीवन स्तर सुधर रहा है.
सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन व फाउंडर प्रदीप अग्रवाल ने कहा, “एसपीआर आज सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि गुरुग्राम के स्मार्ट शहरी विकास का प्रतीक बन चुका है. यहां इन्फ्रास्ट्रक्चर, पॉलिसी-सपोर्ट और परिपक्व होता बाजार इसे भविष्य के लिए तैयार गंतव्य बनाते हैं. सिग्नेचर ग्लोबल में हमारा मानना है कि एसपीआर आगे भी उन ग्राहकों को आकर्षित करता रहेगा जो कनेक्टिविटी, वैल्यू और सस्टेनेबल लिविंग को महत्व देते हैं.”
डीएलएफ होम्स के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर आकाश ओहरी ने कहा: "जब लोग घर खरीदने के बारे में सोचते हैं, तो सबसे पहले वे लोकेशन पर ध्यान देते हैं. बाकी सब उसके बाद आता है. और जब कोई लोकेशन चुनते हैं, तो कनेक्टिविटी, अन्य स्थानों तक पहुंचना कितना आसान है. आस-पास की सड़कें, दुकानें, स्कूल और हॉस्पिटल जैसी अन्य चीजें भी मायने रखती हैं। अभी, गुरुग्राम कई नई इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के साथ तेजी से बढ़ रहा है. सबसे तेजी से बढ़ने वाले क्षेत्रों में से एक एसपीआर है."
व्हाइटलैंड कॉर्पोरेशन के फाउंडर नवदीप सरदाना ने कहा, "एनसीआर, खास तौर पर गुरुग्राम में रियल एस्टेट मार्केट नई ऊंचाइयों पर पहुंचने वाला है, जिसे बुनियादी ढांचे के विकास, आवास की बढ़ती मांग का समर्थन मिला है. द्वारका एक्सप्रेसवे, एसपीआर और रैपिड ट्रांजिट सिस्टम जैसी परियोजनाओं के पूरा होने से कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे घर खरीदने वालों और निवेशकों की मांग बढ़ेगी. एचएनआई और एनआरआई की बढ़ती आय और निवेश से गुरुग्राम के लक्जरी हाउसिंग सेगमेंट में वृद्धि होने की उम्मीद है. टिकाऊ और स्मार्ट घरों की बढ़ती मांग रियल एस्टेट विकास के भविष्य को आकार देगी."