ग्रेटर नोएडा में किसानों के हाथ लगा जैकपॉट! बस एक ड्रा और अथॉरिटी ने एक साथ बांटे 104 प्लॉट

ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गांव के किसानों को ड्रॉ के जरिए भूखंड का आवंटन पत्र दिया गया. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क एसीईओ सुनील कुमार सिंह और ओएसडी गिरीश कुमार झा के सामने एक ही आकार वाले भूखंडों का ड्रॉ कराया गया.
ग्रेटर नोएडा में किसानों के हाथ लगा जैकपॉट! बस एक ड्रा और अथॉरिटी ने एक साथ बांटे 104 प्लॉट

ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गांव के 104 किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड के आवंटन पत्र जल्द दे दिए जाएंगे. इनमें से समान आकार वाले 40 भूखंडों का शनिवार को ड्रॉ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में संपन्न हुआ. दादरी विधायक के प्रतिनिधि सुरेश शर्मा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह और ओएसडी गिरीश कुमार झा के समक्ष समान आकार वाले इन भूखंडों का ड्रा कराया गया. पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए ड्रा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई.

40 भूखंडों का किया ड्रॉ

दरअसल, डाढ़ा गांव के किसानों की जमीन का अधिग्रहण करने के बाद से लंबे अर्से से छह फीसदी आवासीय भूखंड लंबित थे. इन किसानों ने भूखंड पाने के लिए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी गुहार लगाई थी. सीईओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आबादी भूखंड शीघ्र देने के निर्देश दिए. नियोजन विभाग से 104 भूखंडों को नियोजित करने के तुरंत बाद छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग की तरफ से भी प्रक्रिया पूरी करते हुए शनिवार को समान आकार के 40 भूखंडों का ड्रा कराया गया.

Add Zee Business as a Preferred Source

जल्द पूरी होगी लीज डीड की प्रोसेस

दादरी विधायक के प्रतिनिधि सुरेश शर्मा ने ड्रा की पारदर्शी प्रक्रिया के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सहराना की. भूखंड पाने वाले किसानों ने खुशी जताते हुए प्राधिकरण के प्रति आभार जताया. प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा है कि इन किसानों को आवंटन पत्र शीघ्र जारी कर लीज डीड की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी.

सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है.डाढ़ा की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे.