&format=webp&quality=medium)
भारत की सबसे बड़ी रियल्टी कंपनी डीएलएफ लिमिटेड मुंबई के आवासीय बाजार में प्रवेश करने के लिए तैयार है. डीएलएफ अगले दो सप्ताह में मुंबई में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की आलीशान आवासीय परियोजना पेश करने वाली है. इस आगामी परियोजना के पहले चरण में 400 से अधिक घरों को पेश किया जाएगा. गौरतलब है कि डीएलएफ ने इससे पहले गुरुग्राम के लग्जरी परियोजना डीएलएफ प्रिवाना नॉर्थ (DLF Privana North) की 11 हजार करोड़ रुपए के रिकॉर्ड तोड़ बिक्री की घोषणा की है.
सूत्रों के अनुसार कंपनी को इस परियोजना को पेश करने के लिए सभी नियामक मंजूरी मिल गई है. इसे दिल्ली स्थित ट्राइडेंट रियल्टी के साथ साझेदारी में विकसित किया जाएगा. डीएलएफ को मुंबई में अपनी पहली प्रीमियम आवासीय परियोजना के लिए रेरा की मंजूरी मिल गई है. उन्होंने कहा कि अंधेरी के उपनगरीय इलाके में स्थित इस परियोजना के अगले दो हफ्तों के भीतर आने की उम्मीद है.पहले चरण में कंपनी चार टावरों में 416 इकाइयां विकसित करेगी.
डीएलएफ इन अपार्टमेंट को 5-7 करोड़ रुपये प्रति इकाई की कीमत पर बेचने की योजना बना रही है. इस बारे में प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार किया. आपको बता दें कि डीएलएफ प्रिवाना नॉर्थ गुरुग्राम के सेक्टर 76 और 77 में 17.7 एकड़ में फैला हुआ है और इसमें स्टिल्ट + 50 मंजिलों वाले 6 प्रीमियम टावर शामिल हैं. ये टावर अब तक डीएलएफ द्वारा बनाए गए सबसे ऊंचे आवासीय भवन हैं. परियोजना में कुल 1,152 भव्य और बारीकी से डिज़ाइन किए गए 4 BHK अपार्टमेंट्स और 12 शानदार पेंटहाउस शामिल हैं.
प्रिवाना नॉर्थ का डिजाइन बहुत ही खास है. यहां टावरों को घुमावदार अंदाज़ में इस तरह से बनाया गया है कि हर फ्लैट को पूरी प्राइवेसी मिलती है और लोगों को सेंट्रल गार्डन, अरावली पहाड़ियों और 500 मीटर चौड़े ग्रीन एरिया का खुला और सुंदर नज़ारा देखने को मिलता है. इस प्रोजेक्ट के फ्लैट्स आज के मॉडर्न शहरी परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं. यहां के 4 BHK फ्लैट्स का कार्पेट एरिया करीब 207 वर्ग मीटर (2236 वर्ग फुट) है, और पेंटहाउस का साइज करीब 450 वर्ग मीटर (4847 वर्ग फुट) तक है.
(भाषा इनपुट के साथ)