17000 करोड़ रुपए के लग्जरी घर, गुरुग्राम समेत इन शहरों पर खास नजर, जानिए DLF का अब तक का सबसे बड़ा दांव

देश की सबसे बड़ी रियल्टी कंपनी डीएलएफ लिमिटेड के चेयरमैन राजीव सिंह ने बताया कि कंपनी के पास बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की एक मजबूत पाइपलाइन मौजूद है. जानिए क्या है डीएलएफ का प्लान.
17000 करोड़ रुपए के लग्जरी घर, गुरुग्राम समेत इन शहरों पर खास नजर, जानिए DLF का अब तक का सबसे बड़ा दांव

देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ लिमिटेड के चेयरमैन राजीव सिंह ने कहा है कि कंपनी के पास बाजार की ‘आकांक्षी जरूरतों’ को पूरा करने के लिए आवासीय परियोजनाओं की एक मज़बूत पाइपलाइन है और कंपनी निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है. अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में शेयरधारकों को लिखे एक पत्र में, उन्होंने कहा कि कंपनी का नियमित आय वाला कारोबार, जो किराये पर व्यावसायिक स्थान उपलब्ध कराता है, लगातार बढ़ रहा है.

द डहलियाज और प्रिवाना को अच्छा रिस्पॉन्स

सिंह ने कहा, “देश की दीर्घकालिक संभावनाएं इसकी बढ़ती जनसांख्यिकीय और आर्थिक बुनियादी बातों के साथ-साथ चल रहे संरचनात्मक सुधारों से मजबूत हो रही हैं.” सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी के आवासीय और किराये के व्यवसायों में ‘असाधारण प्रदर्शन और समय पर क्रियान्वयन के कारण मजबूत वृद्धि हुई.’ उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में कंपनी की दो आवासीय परियोजनाओं, ‘द डहलियाज’ और ‘प्रिवाना’ को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली.

Add Zee Business as a Preferred Source

17000 करोड़ रुपए से ज्यादा रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट

डीएलएफ के चेयरमैन ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की बिक्री बुकिंग और ग्राहकों से प्राप्त राजस्व रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. सिंह ने कहा, “बाजार की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हमारे पास एक मजबूत पेशकश पाइपलाइन है; हम अपने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सही रास्ते पर हैं.” डीएलएफ चालू वित्त वर्ष (2025-26) में लक्जरी घरों की मजबूत मांग का फायदा उठाने के लिए 17,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की आवासीय संपत्तियां पेश करने की योजना बना रही है.

75 लाख वर्ग फुट एरिया से 40,600 करोड़ रुपए का रेवेन्यू

कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष के दौरान 75 लाख वर्ग फुट क्षेत्र को बिक्री के लिए पेश किया था, जिससे अनुमानित राजस्व 40,600 करोड़ रुपये होने की संभावना है. सिंह ने कहा कि कार्यालयों, खुदरा और होटल परियोजनाओं सहित किराये का कारोबार लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा, “हम गुरुग्राम, चेन्नई, दिल्ली और गोवा में अपने नए निर्माण कार्यों के लिए पूंजीगत व्यय में निवेश जारी रखे हुए हैं.” चेयरमैन ने कहा कि निकट भविष्य में तीन खुदरा संपत्तियां आम लोगों के लिए खुलने वाली हैं.

कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में 20,000 से 22,000 करोड़ रुपये की आवासीय संपत्तियों की बिक्री का लक्ष्य रखा है, जो पिछले वित्त वर्ष के समान है.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6