NCR के ऑफिस मार्केट में 43% की गिरावट, हर 100 में से 21 दफ्तर खाली, निवेश से पहले जान लें ये सच

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एनसीआर में ऑफिस स्पेस के अब्जॉर्प्शन रेट में 43 फीसदी की गिरावट आई है. वहीं, यहां पर हर 100 से 21 ऑफिस स्पेस खाली पड़े हैं. जानिए क्या कहती है ताजा रिपोर्ट.
NCR के ऑफिस मार्केट में 43% की गिरावट, हर 100 में से 21 दफ्तर खाली, निवेश से पहले जान लें ये सच

दिल्ली में ऑफिस स्पेस में 21% वैकेंसी रेट (प्रतीकात्मक फोटो/AI/Gemini)

देशभर के ऑफिस स्पेस मार्केट में बदलाव दिख रहा है. खासकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हैदराबाद में. टॉप 7 शहरों में से एनसीआर और हैदराबाद में सबसे ज्यादा ऑफिस स्पेस खाली हैं.ऐसे में दिल्ली एनसीआर में फिक्स कमाई के लिए आप कमर्शियल रियल एस्टेट खासकर ऑफिस स्पेस में पैसा लगाने का प्लान कर रहे हैं तो मौजूदा तस्वीर जानना बेहद जरूरी है. इंटरनेशनल प्रॉपर्टी कंसल्टेंट फर्म एनारॉक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 2026 की पहली तिमाही में एनसीआर में ऑफिस स्पेस की डिमांड में 43 फीसदी की भारी गिरावट आई है. यहां 21 फीसदी दफ्तर खाली पड़े हैं. दूसरे शब्दों में कहें तो 100 में से हर 21 दफ्तर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं.

43% गिरा एब्जॉर्पशन रेट

Anarock की रिपोर्ट के मुताबिक 2025 की पहली तिमाही में एनसीआर में 2.7 मिलियन वर्ग फुट (msf) ऑफिस एब्जॉर्प्शन था, जो 2026 की पहली तिमाही में 43 फीसदी की भारी गिरावट के साथ महज 1.53 msf रह गया है.

NCR में 21% वैकेंसी रेट

  • रिपोर्ट के मुताबिक 2026 की पहली तिमाही में एनसीआर का ऑफिस वैकेंसी रेट 21 फीसदी दर्ज किया गया है.
  • यह 2025 की पहली तिमाही के 22.40 फीसदी के मुकाबले थोड़ा कम हुआ है, लेकिन अब भी यह निवेशकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
  • एनसीआर के अलावा हैदराबाद में सबसे ज्यादा 24.70 फीसदी ऑफिस स्पेस खाली है.
  • कोलकाता में 17.20 फीसदी, मुंबई में 13.80%, पुणे में 11.60% और बेंगलुरु में 11.50% ऑफिस स्पेस खाली हैं.
  • टॉप सात शहरों में से चेन्नई में सबसे कम 8.90 फीसदी ऑफिस स्पेस की वैकेंसी है.

ऑफिस वैकेंसी रेट (Office Vacancy %)

शहरQ1-2026Q1-2025
हैदराबाद24.70%26.50%
NCR21%22.40%
कोलकाता17.20%17.90%
MMR (मुंबई)13.80%15.20%
पुणे11.60%11.70%
बेंगलुरु11.50%12.40%
चेन्नई8.90%9.10%
कुल15.50%16.30%

मिड टियर बिल्डिंग्स की हालत खस्ता

एनारॉक के मुताबिक मिड-टियर बिल्डिंग्स की हालत खराब है. रिपोर्ट के मुताबिक पुरानी और मिड टियर बिल्डिंग्स में पूरे भारत में 20 से 25 फीसदी जगह खाली है, जिनकी रिकवरी की उम्मीद भी कम है.

निवेशकों के लिए मौका, किराये में बढ़ोतरी

  • निवेशकों के लिए निराशा के बीच एक बड़ा मौका भी छिपा है. रिपोर्ट के मुताबिक देश के टॉप 7 शहरों में ऑफिस स्पेस की सप्लाई 18 फीसदी तक गिर गई है.
  • टॉप 7 शहरों में 2025 की पहली तिमाही के 10.53 msf के मुकाबले 2026 की पहली तिमाही में नए ऑफिस का निर्माण भी 18 फीसदी तक घट गया है.
  • निर्माण घटने का कारण पश्चिम एशिया का युद्ध और उसका ग्लोबल मार्केट पर असर हो सकता है. नई सप्लाई कम होने के बाद भी टॉप 7 शहरों में ग्रेड ए ऑफिस का औसत मासिक किराया Q1 में बढ़कर 93 रुपए प्रति वर्ग फुट हो गया है.
  • रिपोर्ट के मुताबिक मिड टियर की तुलना में ग्रेड ए ऑफिस के लिए कंपनियां 20 फीसदी तक प्रीमियम खुशी-खुशी देने के लिए तैयार हैं.

नए ऑफिस का निर्माण/सप्लाई

शहर (City)Q1-2026Q1-2025बदलाव (% Change)
बेंगलुरु2.953.23-9%
NCR1.82.6-31%
चेन्नई1.60-
MMR1.050.2425%
पुणे13.2-69%
हैदराबाद0.21.3-85%
कोलकाता00-
कुल8.610.53-18%

Zee Business Live TV यहां पर देखें

टिकाऊ प्राइसिंग पावर के संकेत

एनारॉक ग्रुप के कमर्शियल लीजिंग एंड एडवाइजरी के मैनेजिंग डायरेक्टर पीयूष जैन के मुताबिक, "निवेशकों के लिए ग्रेड ए एसेट्स में किराये में बढ़ोतरी और वैकेंसी में कमी टिकाऊ प्राइसिंग पावर के संकेत देती है. दिल्ली एनसीआर में मल्टी नेशनल कंपनियों ने 2025 की शुरुआत तक दो साल में 51 लाख वर्ग फुट जगह लीज पर ली है. यह जगह GCC कैंपस बनाने के लिए थी. मिड टियर मालिकों के लिए आगे का रास्ता है कि वे चुनिंदा तौर पर अपनी प्रॉपर्टी को ग्रेड ए में अपग्रेड करें या घरेलू SME और फ्लेक्स ऑपरेटर्स जैसे विशेष सेक्टर्स पर ध्यान केंद्रित करें, जहां ग्रेड ए स्पेस में कंपटीशन कम है."

आर्टिकल से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल (FAQs)

Q1 ऑफिस एब्जॉर्प्शन क्या होता है?

तय वक्त में बाजार में कुल कितनी ऑफिस स्पेस किराये पर ली गई है या बेची गई है, इसे ऑफिस एब्जॉर्प्शन कहते हैं.

Q2 वैकेंसी रेट किसे कहते हैं?

बिल्डिंग या मार्केट में कुल उपलब्ध जगह का वह हिस्सा जो खाली पड़ा है या किराये पर नहीं उठा है, उसे वैकेंसी रेट कहा जाता है.

Q3 GCCs क्या होते हैं?

GCCs मल्टीनेशनल कंपनियों के वे ऑफशोर ऑफिस होते हैं जो उनके ग्लोबल ऑपरेशंस, आईटी, रिसर्च और दूसरे महत्वपूर्ण कामकाज को एक ही जगह से संभालते हैं.

Q4 ग्रेड ए ऑफिस स्पेस क्या होता है?

ग्रेड ए सबसे अच्छी क्वालिटी वाली कमर्शियल बिल्डिंग होती है. इसमें अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर और अच्छी सुविधाएं होती हैं.

Q5 मिड टियर बिल्डिंग क्या होती है?

ये पुरानी और औसत दर्जे की बिल्डिंग होती हैं. इनमें ग्रेड ए जैसी आधुनिक सुविधाएं और प्रीमियम लोकेशन नहीं होती. इनका किराया भी कम होता है.

Add Zee Business as a Preferred Source