&format=webp&quality=medium)
फोटो क्रेडिट - भारतीय रेलवे
रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. रेलवे ने जम्मू-कश्मीर में रेल नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है. उत्तर रेलवे ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा–श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार जम्मू तवी तक कर दिया है.
ये फैसला लंबे समय से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों की मांग के बाद लिया गया है. इस विस्तार के साथ ही जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच यात्रा अब पहले से कहीं अधिक तेज़, सुरक्षित और भरोसेमंद हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: होली 2026: बिहार जाने वालों की बल्ले-बल्ले! दिल्ली-मुंबई से पटना और सहरसा के लिए 10+ स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट
उत्तर रेलवे के मुताबिक, माता वैष्णो देवी कटड़ा–श्रीनगर–श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का जम्मू तवी तक विस्तार 1 मार्च 2026 से प्रभावी होगा. इसके तहत ट्रेन संख्या 26401 जम्मू तवी से श्रीनगर और ट्रेन संख्या 26402 श्रीनगर से जम्मू तवी के बीच संचालित होगी.
इस विस्तार का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब जम्मू से श्रीनगर की दूरी पांच घंटे से भी कम समय में तय की जा सकेगी. फिलहाल सड़क मार्ग से यात्रा करने में यात्रियों को भूस्खलन, भारी बर्फबारी और खराब मौसम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिससे कई बार सफर लंबा और जोखिम भरा हो जाता है.
ये भी पढ़ें: रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत की तैयारी, ट्रेन छूटने से 5 मिनट पहले भी बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन, जानिए प्लान
सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेनें आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस हैं. इनमें आरामदायक सीटें, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छ कोच और समय की पाबंदी जैसी खूबियां शामिल हैं. यही वजह है कि यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील और पहाड़ी क्षेत्र के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.

जम्मू तवी से चलने वाली यह वंदे भारत ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, रियासी और बनिहाल होते हुए श्रीनगर पहुंचेगी. वहीं वापसी में भी यही रूट रहेगा. इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस विस्तार से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है. कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ श्रीनगर घूमने वाले पर्यटकों को भी तेज़ और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा. इसके अलावा व्यापारियों के लिए माल और लोगों की आवाजाही आसान होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें
गौरतलब है कि उधमपुर–श्रीनगर–बारामूला रेल लिंक (USBRL) प्रोजेक्ट को 6 जून 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को समर्पित किया था. इस ऐतिहासिक परियोजना के बाद से ही जम्मू को सीधे श्रीनगर से सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत सेवा के जरिए जोड़ने की मांग तेज़ हो गई थी.
अब वंदे भारत एक्सप्रेस के जम्मू तक विस्तार से यह मांग पूरी हो गई है. यह कदम भारतीय रेलवे और उत्तर रेलवे के उस विजन को दर्शाता है, जिसके तहत जम्मू-कश्मीर में आधारभूत ढांचे को मज़बूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)