&format=webp&quality=medium)
Swarnim Bharat Yatra: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक झलकियों और सांस्कृतिक धरोहरों को नजदीक से देखने का शानदार अवसर लेकर आ रही है IRCTC की स्पेशल ट्रेन ‘स्वर्णिम भारत यात्रा’, जो भारत गौरव योजना के तहत 14 अगस्त 2025 को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी. यह यात्रा कुल 9 रात और 10 दिन की होगी, जिसमें देश के उन महत्वपूर्ण स्थलों को शामिल किया गया है, जो आज़ादी की लड़ाई और भारत की सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़े हैं.
इस खास यात्रा का पहला पड़ाव अहमदाबाद होगा, जहां यात्री महात्मा गांधी से जुड़ा ऐतिहासिक साबरमती आश्रम देखेंगे. यहां वे अडालज की बावड़ी जैसे अद्भुत स्थापत्य के नमूने भी देख पाएंगे. इसके बाद, एक दिवसीय यात्रा के तहत पर्यटक मोढेरा का सूर्य मंदिर और पाटण में रानी की वाव जैसी ऐतिहासिक धरोहरों का दर्शन करेंगे, जो UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं.
इसके बाद यात्रा केवड़िया की ओर बढ़ेगी, जहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार सरोवर डैम जैसी आधुनिक भारत की प्रतीक संरचनाएं यात्रियों को देखने को मिलेंगी. अगला महत्वपूर्ण स्थल पुणे है, जहां पर्यटक आगा खान पैलेस (भारत छोड़ो आंदोलन से जुड़ा स्थल) और भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग का दर्शन करेंगे.
यात्रा का अगला पड़ाव छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व नाम औरंगाबाद) होगा, जहां पर्यटक अजंता-एलोरा की गुफाएं और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग जैसी ऐतिहासिक और धार्मिक जगहों का भ्रमण करेंगे. अंत में ट्रेन झांसी पहुंचेगी, जहां का प्रसिद्ध झांसी किला और पास ही स्थित ओरछा के महल और मंदिर यात्रियों को भारतीय संस्कृति और वीरता की झलक देंगे. इसके बाद ट्रेन दिल्ली लौटेगी.
इस पूरे सफर के लिए एक विशेष डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन चलाई जा रही है, जिसमें 1st AC, 2nd AC और 3rd AC की सुविधा होगी. ट्रेन में यात्रियों के लिए डाइनिंग कार, शॉवर क्यूबिकल्स, सेंसर आधारित वॉशरूम, फुट मसाजर और CCTV सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. ट्रेन में कुल 150 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी और इसमें दिल्ली सफदरजंग के अलावा गुड़गांव, रेवाड़ी, रींगस, फुलेरा और अजमेर से भी बोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध होगी.
कितना लगेगा किराया
इस यात्रा के लिए किराया श्रेणी के अनुसार तय किया गया है – 3AC के लिए ₹71,585, 2AC के लिए ₹81,675, 1AC केबिन के लिए ₹94,845 और 1AC कूपे के लिए ₹1,01,430. यह पूरा पैकेज ट्रेन यात्रा, 3 स्टार होटल में ठहराव, शाकाहारी भोजन, AC वाहन से साइटसीइंग, बीमा और IRCTC टूर मैनेजर की सेवाओं सहित है.
इस स्वर्णिम भारत यात्रा की बुकिंग के लिए यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट https://www.irctctourism.com/bharatgaurav पर जाकर सारी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और टिकट बुक कर सकते हैं. यह यात्रा न केवल भारत के इतिहास से जुड़ने का मौका है, बल्कि आजादी की आत्मा को महसूस करने और सांस्कृतिक धरोहरों को करीब से जानने का एक सुनहरा अवसर भी है.