&format=webp&quality=medium)
भारतीय रेलवे 1 जुलाई 2025 से लंबी दूरी की ट्रेनों में सेकंड क्लास यात्रियों के लिए पूरे देश में किराया बढ़ाने जा रहा है. पिछली बार रेलवे की तरफ से 2020 में किराया बढ़ाया गया था और अब फिर से किराए में बदलाव हो रहा है. रेलवे ने बताया है कि इस बार अधिकतम किराया 2 पैसे प्रति किलोमीटर तक बढ़ेगा.
सामान्य नॉन-एसी की स्लीपर क्लास और फर्स्ट क्लास के लिए किराया प्रति किलोमीटर 50 पैसे बढ़ा दिया गया है. वहीं मेल और एक्सप्रेस नॉन-एसी ट्रेन का किराया 1 पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ेगा. इसके अलावा एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी.
वहीं सामान्य नॉन-एसी की ट्रेनों में सेकेंड क्लास के लिए 500 किलोमीटर तक की दूरी के लिए किराया 50 पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ाया गया है. अगर कोई सेकंड क्लास यात्रा 500 किलोमीटर से ज़्यादा की है, तो 501 से 1500 किलोमीटर तक के लिए किराया सिर्फ 5 रुपये बढ़ेगा. वहीं 1501 से 2500 किलोमीटर तक के लिए किराए सिर्फ 10 रुपये बढ़ेगा. इसके अलावा 2501 से 3000 किलोमीटर तक के लिए किराया सिर्फ 15 रुपये बढ़ेगा.
मंथली सीजन टिकट और लोकल ट्रेनों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. इसके अलावा रिजर्वेशन फीस और सुपरफास्ट सरचार्ज जैसी दूसरी फीस भी पहले जैसी ही रहेंगी. वहीं सब-अर्बन ट्रेनों का किराया भी नहीं बदला गया है.
अब तेजस राजधानी, राजधानी, शताब्दी, दूरंतो, वंदे भारत, हमसफर, अमृत भारत, तेजस, महामना, गतिमान, अंत्योदय, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, सामान्य ट्रेन सेवाएं (नॉन-सबअर्बन), अनुभूति कोच और एसी विस्ताडोम कोच जैसी ट्रेनों की बेसिक टिकट कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है. ये बढ़ोतरी हर क्लास के हिसाब से तय की गई नई किराया लिस्ट के मुताबिक की गई है.
रिजर्वेशन फीस, सुपरफास्ट सरचार्ज जैसी अन्य फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ये पहले की तरह ही लागू रहेंगी. GST भी पहले की तरह लागू रहेगा, टिकट पर जो जीएसटी (GST) लगता है, वो भी पहले की तरह ही लिया जाएगा.
किराया राउंड ऑफ पहले की तरह होगा. बाकी सभी नियम और शर्तें वैसी ही रहेंगी, जैसे रेलवे पहले से जारी करता रहा है. IRCA (इंडियन रेलवे कॉन्फ्रेंस एसोसिएशन) को नई किराया लिस्ट छापने और रेलवे को देने का निर्देश दिया गया है.
हर ज़ोनल रेलवे को कहा गया है कि वो 1 जुलाई 2025 से पहले ही अपने स्टाफ को ये नई किराया लिस्ट पहुंचा दें. पहले से बुक किए गए टिकट पर नया किराया नहीं लगेगा. अगर किसी यात्री ने 1 जुलाई से पहले टिकट बुक किया है, तो उस पर नया किराया लागू नहीं होगा. ऐसे यात्रियों का किराया चार्ट में पुराने रेट पर ही रहेगा. लेकिन अगर कोई नया टिकट ट्रेन में या स्टेशन पर 1 जुलाई के बाद बनता है, तो उस पर नया रेट लगेगा.
VIDEO: 1 जुलाई से 7 चीजें बदली
स्टेशनों पर जो किराया बोर्ड लगा होता है, उसे भी अपडेट किया जाएगा, ताकि यात्री को नई जानकारी मिल सके. PRS (पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम), UTS (अनरिज़र्व टिकटिंग सिस्टम) और मैनुअल टिकटिंग सिस्टम में भी ज़रूरी बदलाव किए जाएंगे, ताकि नया किराया सही तरीके से लागू हो सके.
रेलवे ने सभी ज़ोनल ऑफिस को कहा है कि वो स्टाफ को नई किराया लिस्ट और उससे जुड़े सभी नियम ठीक से समझाएं और उन्हें लागू करने के लिए तैयार करें. ये सब बदलाव रेलवे मंत्रालय के फाइनेंस डायरेक्टरेट की मंज़ूरी से किए जा रहे हैं.