&format=webp&quality=medium)
रेलवे ने आज से क्लोन ट्रेनें चलाना शुरू किया, मिल सकेगा कन्फर्म टिकट (फोटो - रॉयटर्स)
रेलवे ने आज 21 सितंबर से 40 क्लोन स्पेशल ट्रेन चला दी हैं. इन ट्रेनों के चलने से वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. दरअसल इन ट्रेनों को ऐसे रूटों पर चलाया गया है जिन पर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट ज्यादा है. इन ट्रेनों को किसी लोकप्रिय ट्रेन के कुछ देर पहले चलाया जाएगा. ऐसे में जिन यात्रियों को पॉपुलर ट्रेन में टिकट नहीं मिल पा रहा है वो इन ट्रेनों में रिजर्वेशन करा सकेंगे.
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक क्लोन ट्रेनों के कम ही जगह स्टॉप रखे जाएंगे. इसके चलते ये जिस ट्रेन का क्लोन है उससे 2 से 3 घंटे पहले यात्रा पूरी कर लेंगी. इन ट्रेनों के लिए टिकटों की बुकिंग 19 सितंबर की सुबह से शुरू की जा चुकी है. इन ट्रेनों के लिए टिकट ट्रेन चलने के 10 दिन पहले बुक हो सकेगी.
ज्यादातर क्लोन ट्रेनें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच चलेंगी. इन ट्रेन में ज्यादा डिब्बे 3एसी के होंगे. ये ट्रेनें समय से अपने गंतव्य तक पहुंचें इसकी जिम्मेदारी जोनल रेलवे को दी गई है.
रेलवे के मुताबिक 19 ट्रेनों को चलाने के लिए हमसफर ट्रेनों के रेक का इस्तेमाल किया जाएगा. लखनऊ से दिल्ली के बीच एक क्लोन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी जिसका नम्बर 04251/04252 होगा. इस ट्रेन को जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के तोर पर चलाया जाएगा. जिन क्लोन ट्रेनों में हमसफर का रेक लगाया जाएगा उनका किराया हमसफर ट्रेनों के बराबर होगा. वहीं जनशताब्दी एक्सप्रेस के तौर पर चलाई जा रही ट्रेनों का किराया जनशताब्दी के किराए के बराबर होगा.
यहां देखें क्लोन ट्रेनों की पूरी लिस्ट
![]()
रेलवे द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक क्लोन ट्रेन (02563) सहरसा से नई दिल्ली के लिए चलेगी जबकि क्लोन ट्रेन (02564) नई दिल्ली से सहरसा के लिए रोज चलेगी. ये ट्रेन रास्ते में छपरा, गोरखपुर और कानपुर स्टेशन पर रुकेगी. बिहार से नई दिल्ली के लिए क्लोन ट्रेन सहरसा के अलावा पूर्व मध्य रेल के दरभंगा, मुजफ्फरपुर, राजगीर और राजेन्द्रनगर स्टेशन से चलेगी.