&format=webp&quality=medium)
रेलवे मंत्रालय (Ministry of Railways) ने गुरुवार को देशभर के 32 रेलवे मंडलों में नए मंडल रेल प्रबंधकों (DRM) की नियुक्ति करते हुए एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. यह फैसला मौजूदा DRM अधिकारियों के दो साल के कार्यकाल की समाप्ति के बाद लिया गया है. इसके साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) वेद प्रकाश को अहमदाबाद मंडल का नया DRM नियुक्त किया गया है, जो इस फेरबदल में सबसे प्रमुख नाम के तौर पर सामने आया है.
रेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, यह कदम रेल संचालन को और अधिक कुशल, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से लिया गया है. DRM यानी मंडल रेल प्रबंधक किसी भी रेल मंडल का प्रशासनिक प्रमुख होता है और उसके कंधों पर ट्रेनों की सुरक्षित और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है. हर DRM का कार्यकाल दो वर्षों का होता है, जिसके बाद उसे प्रमोशन या समकक्ष पद पर जोनल मुख्यालय भेज दिया जाता है.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें
इस बार मंत्रालय ने एक साथ 32 अलग-अलग आदेश जारी कर संबंधित रेलवे जोनों के महाप्रबंधकों को सूचित किया है कि अब उनके मंडलों में नए DRM पदभार संभालेंगे. पुराने अधिकारियों को किस पद पर भेजा जाएगा, इसका आदेश जल्द ही जारी होने की संभावना है.
वेद प्रकाश की अहमदाबाद पोस्टिंग खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि वे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के विशेष कार्य अधिकारी के रूप में मंत्रालय के उच्चतम स्तर पर सीधे काम कर चुके हैं. यह नई जिम्मेदारी उनके प्रशासनिक कौशल और रेल संचालन की गहरी समझ को उपयोग में लाने का अवसर है.
वहीं, वेद प्रकाश के स्थान पर अब शिवाजी सुतार मारुति को नया OSD नियुक्त किया गया है, जो अभी तक सेंट्रल रेलवे ज़ोन में कार्यरत थे.