&format=webp&quality=medium)
Bihar Amrit Bharat Train: बिहार को आधुनिक रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना जं. से 07 ट्रेनों की सौगात बिहार को देंगे, जिनमें 03 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे. मध्यम वर्ग और आम लोगों की लोकप्रिय ट्रेन के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना लेने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की 12 सेवाएं अभी देश भर में चल रही हैं जिनमें 10 ट्रेन बिहार से चलती हैं.
तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत हो जाने के बाद इस श्रेणी की रेलगाड़ियां की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी जिसमें 13 ट्रेनों का परिचालन बिहार से होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बिहार वासियों के लिए यह बड़ी सौगात है. रेल सेवाओं में आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना-बक्सर, झाझा-दानापुर, पटना-इसलामपुर तथा शेखपुरा-बरबीघा के रास्ते नवादा से पटना के लिए पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा.
शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ के रास्ते नवादा से पटना के लिए पैसेंजर ट्रेन के चालू हो जाने से बरबीघा-अस्थावां-बिहार शरीफ रेलखंड पर (जिसका पिछले दिनों सीआरएस निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया है) ट्रेनों के परिचालन का इस क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना पूरा हो जाएगा. पटना-इसलामपुर पैसेंजर एवं नवादा-पटना पैसेंजर का परिचालन नई लाइन जट डुमरी-फाजिलचक-तोपसरथुआ-दनियावां के रास्ते किया जाएगा जिससे इस क्षेत्र लोगों को भी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी.
आपको बता दें कि इस समारोह में बिहार को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है..रेल मंत्री और उप मुख्यमंत्री 03 अमृत भारत एक्सप्रेस - मुजफ्फरपुर से हैदाराबाद के समीप चर्लपल्ली के मध्य, दरभंगा से अजमेर के समीप मदार जं. के मध्य तथा छपरा से आनंद विहार टर्मिनल के मध्य अमृत भारत ट्रेन का शुभारंभ करेंगे. मुजफ्फरपुर से चर्लपल्ली के चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से दक्षिण भारत के लिए पहली अमृत भारत ट्रेन होगी जबकि छपरा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस बिहार से दिल्ली के लिए छठी अमृत भारत ट्रेन होगी. यह अत्याधुनिक स्वदेशी ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव देगी.
भारतीय रेलवे द्वारा विकसित अमृत भारत एक्सप्रेस आज देश की रेलवे प्रणाली के आधुनिकीकरण की मिसाल बन चुकी है. यह ट्रेन सिर्फ एक तेज़ और किफायती यात्रा का विकल्प नहीं है, बल्कि इसमें सेमी-ऑटोमेटिक कपलर, फायर डिटेक्शन सिस्टम, सील्ड गैंगवे, और टॉकबैक यूनिट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. पहली बार नॉन-एसी कोच में भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए उन्नत तकनीक अपनाई गई है.