&format=webp&quality=medium)
Namo Bharat RRTS inauguration: दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अपने जन्मदिन यानी 17 सितंबर को दो बड़े ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन कर सकते हैं. इनमें 82 किलोमीटर का Namo Bharat RRTS कॉरिडोर और 12.3 किलोमीटर का मेट्रो पिंक लाइन एक्सटेंशन (मजलिस पार्क–मौजपुर कॉरिडोर) शामिल हैं.
82 किलोमीटर लंबे RRTS कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा पहले से ही चल रहा है. यह हिस्सा नई अशोक नगर से मेरठ साउथ तक है और इसमें 11 स्टेशन शामिल हैं. बाकी बचा हिस्सा भी लगभग तैयार है और पिछले महीने इसकी ट्रायल रन पूरी की गई है. अभी फिलहाल नमो भारत ट्रेनें हर 15 मिनट पर चल रही हैं. लेकिन पूरे कॉरिडोर के शुरू होने के बाद यह अंतराल घटकर 10 मिनट हो जाएगा.
NCRTC के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदिपुरम तक की दूरी सिर्फ 58 मिनट में तय होगी. हमारा पूरा कॉरिडोर तैयार है और जल्द ही इसका पूरा संचालन शुरू हो जाएगा.”
अभी ट्रेनें मेरठ साउथ तक ही जाती हैं, जो शहर की सीमा पर है. लेकिन मोदिपुरम एक्सटेंशन शुरू होने के बाद यात्रियों को मेरठ शहर के अंदर तक कनेक्टिविटी मिलेगी.
दिल्ली में इस कॉरिडोर के तीन स्टेशन बनाए गए हैं. आनंद विहार, नई अशोक नगर और सराय काले खां. इनमें से आनंद विहार और नई अशोक नगर पहले से खुले हैं, जबकि सराय काले खां जल्द ही सेवाएं शुरू करेगा. खास बात यह है कि सराय काले खां इंटरचेंज हब बनेगा, जहां से यात्रियों को दिल्ली मेट्रो पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और सिटी बस सेवाओं से कनेक्टिविटी मिलेगी.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) का पहला फेज-IV प्रोजेक्ट जो पूरा होने की कगार पर है, वह है मजलिस पार्क–मौजपुर कॉरिडोर. यह हिस्सा शुरू होने के बाद पिंक लाइन का पूरा रिंग (रिंग रोड जैसा गोल चक्कर) तैयार हो जाएगा.
इस कॉरिडोर में 8 नए स्टेशन शामिल होंगे - बुराड़ी, झरोदा माजरा, जगतपुर विलेज, सूर घाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार. इनमें से कोई भी स्टेशन अंडरग्राउंड नहीं होगा.
पिंक लाइन एक्सटेंशन में नया यमुना पुल और 1.4 किलोमीटर का डबल-डेकर वायाडक्ट एक खास आकर्षण होगा. यह हिस्सा भजनपुरा और यमुना विहार के बीच होगा, जहां ऊपर मेट्रो चलेगी और नीचे सड़क यातायात. इससे न सिर्फ यात्रियों को फायदा मिलेगा, बल्कि सड़क पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा.
दिल्ली मेट्रो का फेज-IV एक्सपैंशन कुल 112 किलोमीटर का है, जिसमें छह कॉरिडोर शामिल हैं. इनमें से तीन को प्राथमिकता दी गई है
इस साल जनवरी में जनकपुरी वेस्ट–आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर का 2 किलोमीटर हिस्सा यात्रियों के लिए खोल दिया गया था.
इन दोनों प्रोजेक्ट्स के शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को कई फायदे होंगे. इसकी सहायता से दिल्ली से मेरठ तक का सफर सिर्फ 58 मिनट में पहुंच जाएंगे. पिंक लाइन का फुल रिंग तैयार होने से मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा. सराय काले खां पर इंटरचेंज से यात्रियों को रेलवे और बसों की सीधी कनेक्टिविटी भी मिलेगी. बता दें कि यमुना विहार तक आसान पहुंच, जहां अब तक मेट्रो नहीं पहुंची थी.
FAQs
Q1. पीएम मोदी किन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करने वाले हैं?
Ans: 82 किमी का Namo Bharat RRTS और 12.3 किमी का मेट्रो पिंक लाइन एक्सटेंशन.
Q2. दिल्ली से मेरठ तक Namo Bharat से कितना समय लगेगा?
Ans: सिर्फ 58 मिनट.
Q3. पिंक लाइन एक्सटेंशन में कितने नए स्टेशन जुड़ेंगे?
Ans: कुल 8 स्टेशन—बुराड़ी, झरोदा माजरा, जगतपुर विलेज, सूर घाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार.
Q4. पिंक लाइन एक्सटेंशन की सबसे बड़ी खासियत क्या है?
Ans: नया यमुना पुल और डबल-डेकर वायाडक्ट, जहां ऊपर मेट्रो और नीचे सड़क होगी.
Q5. दिल्ली मेट्रो फेज-IV में कितने कॉरिडोर शामिल हैं?
Ans: कुल 6 कॉरिडोर, जिनमें से 3 को प्राथमिकता दी गई है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)