PM मोदी का बड़ा तोहफा! 4 नई वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, जानें कहां चलेंगी ये सुपरफास्ट ट्रेनें

PM Modi ने वाराणसी से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. ये ट्रेनें वाराणसी-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी. PM ने कहा कि वंदे भारत अब भारत के विकास और आस्था की रफ्तार बन चुकी है.
PM मोदी का बड़ा तोहफा! 4 नई वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, जानें कहां चलेंगी ये सुपरफास्ट ट्रेनें

Vande Bharat new trains: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. इन ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों का सफर न सिर्फ तेज़ बल्कि आरामदायक भी होगा. इन नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन वाराणसी–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली और एर्नाकुलम–बेंगलुरु रूट पर होगा. यह लॉन्च भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने विकसित राष्ट्र बनने के लिए संसाधनों को सशक्त बनाने का मिशन शुरू किया है. वंदे भारत जैसी ट्रेनें इस यात्रा के मील के पत्थर साबित होंगी. उन्होंने कहा कि विकसित देशों की प्रगति के पीछे मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर अहम भूमिका निभाता है, और अब भारत भी उसी दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा, “वंदे भारत ट्रेन भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए और भारतीयों की ट्रेन है. इसे देखकर विदेशी यात्री भी हैरान रह जाते हैं.”

Add Zee Business as a Preferred Source

कौन-कौन सी नई वंदे भारत ट्रेनें हुईं शुरू

1. वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस

यह ट्रेन देश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों (वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो) को जोड़ेगी. इससे यात्रा का समय लगभग 2 घंटे 40 मिनट कम हो जाएगा.

2. लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस

यह ट्रेन 7 घंटे 45 मिनट में सफर पूरा करेगी और लगभग 1 घंटे का समय बचाएगी. इसके शुरू होने से हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के यात्रियों को बड़ा फायदा होगा.

3. फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस

यह ट्रेन इस रूट पर सबसे तेज़ ट्रेन होगी, जो मात्र 6 घंटे 40 मिनट में दिल्ली पहुंच जाएगी. इससे पंजाब और दिल्ली के बीच व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

4. एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस

दक्षिण भारत के लिए यह ट्रेन खास है. यह 8 घंटे 40 मिनट में सफर पूरा करेगी, जिससे केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच IT, व्यापार और टूरिज्म सेक्टर को नया बूस्ट मिलेगा.

तीर्थ और विकास का संगम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में सदियों से तीर्थ यात्रा सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक रही है. उन्होंने कहा कि प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे पवित्र स्थल अब वंदे भारत नेटवर्क से जुड़ रहे हैं. यह भारत की संस्कृति, आस्था और विकास यात्रा का संगम है.

प्रधानमंत्री ने बताया कि इन यात्राओं से राज्य की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है. उन्होंने बताया कि बीते एक साल में केवल काशी में 11 करोड़ श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आए, जबकि अयोध्या में 6 करोड़ लोग रामलला के दर्शन करने पहुंचे.

तीर्थ यात्रा से बढ़ रही है प्रदेश की कमाई

पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ श्रद्धा का नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का माध्यम भी है. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से होटल, ट्रांसपोर्ट, दुकानदार, नाविक और स्थानीय कलाकारों को नई आय मिल रही है. उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं. कोई बनारसी साड़ी का बिज़नेस शुरू कर रहा है तो कोई ट्रैवल सर्विस.

बनारस में तेजी से बदलता इंफ्रास्ट्रक्चर

PM Modi ने कहा कि काशी में लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट हो रहा है. बेहतर सड़कें, गैस पाइपलाइन नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी, अस्पताल और स्टेडियम बन रहे हैं. उन्होंने बताया कि रोपवे प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे शहर की यात्रा अनुभव बेहतर होगा.