दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के कारण नानपारा-मैलानी रेल खंड को हेरिटेज मीटर गेज ही रखकर पर्यटन हेतु इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके लिए यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर की ओर से रेल बस तैयार कर रहा है. इस रेल बस में बैठ कर यात्री जंगल की खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे. पर्यटक अब धीमी रफ्तार में रेल बस से प्रकृति एवं वन्य जीवों का नजारा ले सकेंगे. इसके लिए रेलवे के इज्जतनगर यांत्रिक कारखाने में रंग-बिरंगी रेल बस बनाकर तैयार कर दी गई है. एक कोच वाली बस की दीवार पर कई सारे जंगली जानवर जैसे हाथी, बाघ, चीतल और गैंडे के चित्र बनाए गए हैं. इस ट्रेन को चलाने को ले कर जल्द ही रेलवे की ओर से घोषणा की जाएगी.
1/4रेलवे ने मैलानी और बिछिया के बीच रेल बस चलाने का निर्णय लिया है. इस रूट पर दो रेल बस चलेंगी. कारखाने में एक रेल बस बनकर तैयार हो चुकी है जबकि दूसरी तैयार हो रही है.
2/4इस रेलबस में सीटों को बेहद आरामदायक बनाया गया है. यह रेल बस कई अन्य सुविधाओं से भी युक्त होगी. शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव अग्रवाल ने इज्जतनगर वर्कशाप में रेल बस और टॉय ट्रेन का गहनता से निरीक्षण किया. उनके साथ इज्जतनगर मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार सिंह और मुख्य कारखाना प्रबंधक राजेश अवस्थी भी मौजूद रहे.
3/4वार्षिक निरीक्षण के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव अग्रवाल ने यांत्रिक कारखाना द्वारा तैयार मीटरगेज की हैरिटेज रेल बस और इंफाल (मणिपुर) के लिए टॉय ट्रेन का भी जायजा लिया. यंत्रालय परिसर में ही टॉय ट्रेन की सवारी भी की. इस दौरान उन्होंने टॉय ट्रेन और रेल बस की इंटीरियर डिजाइनिंग की तारीफ की.
4/4रेलवे ने टूरिज्म के तहत दुधवा टाइगर रिजर्व एवं कतरनिया घाट क्षेत्र में हैरिटेज रेल बस चलाने का निर्णय लिया है. इज्जतनगर कारखाने में रेल बस तैयार हो गई है, जल्द ही यह ट्रैक पर दिखेगी.