PM मोदी ने कोलकाता को दी 3 मई मेट्रो रूट की सौगात, अब सिर्फ 11 मिनट में होगा 40 मिनट का सफर

पीएम मोदी ने कोलकाता में नई मेट्रो सेवाओं का उद्घाटन किया. अब सियालदह से एस्प्लेनेड का सफर सिर्फ 11 मिनट में पूरा होगा. जानें किन रूट्स को हरी झंडी मिली और यात्रियों को कितना फायदा होगा.
PM मोदी ने कोलकाता को दी 3 मई मेट्रो रूट की सौगात, अब सिर्फ 11 मिनट में होगा 40 मिनट का सफर

Kolkata Metro: कोलकाता में शुक्रवार का दिन खास रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहरवासियों को बड़ी सौगात दी. उन्होंने एक साथ कई नई मेट्रो सेवाओं का उद्घाटन किया और खुद भी मेट्रो की सवारी की. इन परियोजनाओं से लाखों यात्रियों का सफर आसान होने वाला है और पब्लिक ट्रांसपोर्ट कोलकाता में और मजबूत होगा.

कौन-कौन सी मेट्रो सेवाओं का हुआ उद्घाटन

पीएम मोदी ने जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से तीन अहम रूट्स को हरी झंडी दिखाई. प्रधानमंत्री ने खुद जेसोर रोड से जय हिंद विमानबंदर तक मेट्रो में सफर किया और आम यात्रियों, मेट्रो कर्मचारियों और स्कूली छात्रों से बातचीत की.

  • नोआपारा-जय हिंद विमानबंदर मेट्रो सेवा
  • सियालदह-एस्प्लेनेड मेट्रो सेवा
  • बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवा

कितना समय बचेगा यात्रियों का

इन नई सेवाओं से कोलकाता की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा. सियालदह से एस्प्लेनेड रूट पर अब 40 मिनट का सफर सिर्फ 11 मिनट में पूरा होगा. बेलेघाटा से हेमंत मुखोपाध्याय सेक्शन आईटी हब्स को कनेक्ट करेगा, जिससे ऑफिस जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी. यात्रियों का कहना है कि इससे रोजाना का सफर आसान हो जाएगा और ट्रैफिक जाम से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा.

पीएम मोदी ने क्या कहा

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है बल्कि कोलकाता और पश्चिम बंगाल के बेहतर भविष्य की नींव है. उन्होंने बताया कि 2014 से पहले पूरे देश में सिर्फ 250 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था. अब यह बढ़कर 1,000 किलोमीटर से ज्यादा हो गया है. भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है. पीएम मोदी ने कहा कि कोलकाता भारत की पहचान है. यहां इतिहास भी बसता है और भविष्य भी लिखा जा रहा है. नई मेट्रो सेवाएं इस शहर को और मजबूत बनाएंगी.

हाईवे और दूसरी परियोजनाओं की सौगात

मेट्रो के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता को और भी बड़े प्रोजेक्ट्स का तोहफा दिया. 6 लेन वाले एलिवेटेड कोना एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया गया. हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ. उन्होंने कहा कि भारत सरकार पश्चिम बंगाल में रेल और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. राज्य में रेलवे का 100% बिजलीकरण हो चुका है. पुरुलिया से हावड़ा के बीच मेमू ट्रेन की मांग भी पूरी कर दी गई है.

बिहार में भी दिए विकास के तोहफे

कोलकाता आने से पहले पीएम मोदी बिहार पहुंचे. वहां उन्होंने 13,000 करोड़ रुपये की योजनाओं की नींव रखी. गया से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई गई. अंता-सिमरिया ब्रिज (एनएच-31, गंगा नदी पर) का उद्घाटन किया गया. पीएम मोदी ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस भारत की तीसरी आधुनिक ट्रेन है. वंदे भारत और नामो भारत के बाद यह ट्रेन रेलवे के लिए एक और ऐतिहासिक कदम है.

क्यों अहम है यह कदम

कोलकाता भारत का पहला शहर है जहां मेट्रो सेवा शुरू हुई थी. अब यहां लगातार नए रूट जुड़ रहे हैं. नई परियोजनाओं से रोजाना लाखों यात्रियों का समय बचेगा. बिजनेस और आईटी हब्स की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. ट्रैफिक जाम में कमी आएगी. इसके साथ ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भरोसा और बढ़ेगा.

विशेषज्ञों का कहना है कि जब पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधाजनक होगा तो लोग निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और ट्रेन को ज्यादा चुनेंगे. इससे प्रदूषण भी कम होगा और शहर की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ेगा.

FAQs

Q1. पीएम मोदी ने कोलकाता में कौन-कौन सी मेट्रो सेवाएं शुरू कीं?
A. नोआपारा-जय हिंद विमानबंदर, सियालदह-एस्प्लेनेड और बेलेघाटा-हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवाएं.

Q2. सियालदह से एस्प्लेनेड रूट पर कितना समय बचेगा?
A. पहले 40 मिनट लगते थे, अब सिर्फ 11 मिनट में सफर पूरा होगा.

Q3. प्रधानमंत्री ने कोलकाता में और कौन सी परियोजनाएं शुरू कीं?
A. 6 लेन वाले एलिवेटेड कोना एक्सप्रेसवे का शिलान्यास और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन.

Q4. भारत का मेट्रो नेटवर्क कितना बड़ा है?
A. 2014 से पहले 250 किमी था, अब 1,000 किमी से ज्यादा हो चुका है. भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है.

Q5. अमृत भारत एक्सप्रेस क्या है और कहां शुरू हुई?
A. यह भारत की तीसरी आधुनिक ट्रेन है. पीएम मोदी ने इसे गया से दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाई.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source