&format=webp&quality=medium)
IRCTC Website Down: छठ पूजा के मौके पर जब लाखों लोग घर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी भारतीय रेलवे की टिकटिंग वेबसाइट IRCTC और मोबाइल ऐप फिर से ठप पड़ गई. शनिवार सुबह करीब 10 बजे से बड़ी संख्या में यूजर्स ने शिकायत की कि IRCTC वेबसाइट और ऐप काम नहीं कर रही, जिसके चलते तत्काल टिकट बुकिंग पर असर पड़ा है. 10 दिनों के अंदर यह दूसरी बार है जब IRCTC की वेबसाइट और ऐप डाउन हुई हैं. इससे पहले दिवाली के पहले हफ्ते में भी रेलवे की बुकिंग साइट कई घंटे तक ठप रही थी.
इंटरनेट आउटेज ट्रैकर वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, आज सुबह 10 बजे के आसपास 180 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं कि IRCTC की सर्विस काम नहीं कर रही. डेटा के अनुसार, 51% यूजर्स ने ऐप से जुड़ी समस्या बताई, जबकि 46% ने वेबसाइट से जुड़ी दिक्कत की शिकायत की. बाकी 3% ने बुकिंग प्रक्रिया के बीच में एरर आने की बात कही.
ग्राफ में साफ दिखा कि सुबह 10 बजे के बाद अचानक शिकायतों की संख्या बढ़ गई और सिस्टम डाउन हो गया. रेलवे ने हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन IRCTC के X हैंडल पर यूजर्स को जवाब दिया जा रहा है.
IRCTC की वेबसाइट के डाउन होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर यात्रियों ने जमकर शिकायतें कीं. एक यूजर ने लिखा कि IRCTC वेबसाइट पूरी तरह डाउन हो गई, ठीक उसी समय जब तत्काल बुकिंग शुरू होने वाली थी. पिछले तीन दिनों से एसी टिकट बुक करने की कोशिश कर रहा हूं, पर सर्वर हर बार बैठ जाता है.
रेलवे के नियमों के मुताबिक, सुबह 10 बजे एसी क्लास की तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होती है और सुबह 11 बजे नॉन-एसी क्लास की बुकिंग खुलती है. यानी, ठीक उसी समय पर जब लाखों लोग वेबसाइट पर लॉगिन करते हैं, IRCTC का सर्वर डाउन हो गया.
इस दौरान कई लोगों ने वेबसाइट और ऐप दोनों के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा कि यह समस्या हर त्योहार के दौरान बार-बार होती है, लेकिन रेलवे इस पर कोई स्थायी समाधान नहीं निकालता.
10 दिनों में यह दूसरी बार है जब IRCTC प्लेटफॉर्म बंद हुआ है. पिछली बार भी दिवाली से पहले वेबसाइट कई घंटों तक बंद रही थी, जिसके चलते लोगों को टिकट बुकिंग के लिए रातभर इंतजार करना पड़ा. त्योहारों के सीजन में रेलवे टिकटों की मांग कई गुना बढ़ जाती है, लेकिन IRCTC की साइट हर बार इस दबाव को झेल नहीं पाती.
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को सलाह दी कि अगर ऑनलाइन टिकट बुक नहीं हो पा रहा, तो वे रेलवे के नजदीकी PRS काउंटर जाकर ऑफलाइन टिकट बुक करें. रेलवे ने भी यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही वेबसाइट और ऐप सामान्य रूप से काम करने लगेंगी.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)