&format=webp&quality=medium)
आईआरसीटीसी ई-टिकट बुकिंग पर दोबारा सर्विस चार्ज लगाने की तैयारी में है. (फोटो: IRCTC)x
ट्रेन से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर नहीं है. जल्द ही आपका सफर थोड़ा महंगा हो सकता है. दरअसल, IRCTC से ट्रेन की टिकट बुकिंग करना जल्द ही महंगा हो सकता है. सूत्रों की मानें तो आईआरसीटीसी एक बार फिर ट्रेन टिकट बुकिंग पर सर्विस चार्ज लगा सकता है. ई-टिकट की बुकिंग पर जल्द ही 20 रुपए से 40 रुपए तक का सर्विस चार्ज लगाया जा सकता है. आईआरसीटीसी चार्ज को दो कैटेगरी में लगाएगा.
कितना लगेगा सर्विस चार्ज?
सूत्रों के मुताबिक, आईआरसीटीसी दोबारा सर्विस चार्ज लगाने की तैयारी में है. ई-टिकट बुकिंग पर इसे लगाने की तैयारी है. आईआरसीटीसी इसे दो कैटेगरी यानी स्लीपर और एसी क्लास पर अलग-अलग लगाएगा. स्लीपर क्लास के ई-टिकट बुकिंग पर 20 रुपए और एसी क्लास की ई-टिकट बुकिंग पर 40 रुपए सर्विस चार्ज लगाएगा जाएगा.
वित्त मंत्रालय ने की सिफारिश
सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने रेल मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर ई-टिकट बुकिंग पर दोबारा सर्विस चार्ज लगाने को कहा है. वित्त मंत्रालय ने रेलवे को 88 करोड़ रुपए का फंड देने से इनकार कर दिया, जिसे नोटबंदी के बाद नुकसान की भरपाई के तौर पर दिया जाना था. यही वजह है कि आईआरसीटीसी के जरिए ई-टिकट बुकिंग पर सर्विस चार्ज लगाने को कहा गया है. हालांकि, सर्विस चार्ज लगाने का अंतिम फैसला रेल मंत्रालय पर छोड़ा है.
नोटबंदी के बाद हटाया था सर्विस चार्ज
डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए नोटबंदी के बाद सरकार के आदेश पर IRCTC ने ई-टिकट बुकिंग लगने वाले सर्विस चार्ज को हटा लिया था. सर्विस चार्ज हटाने की वजह से IRCTC को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. हालांकि, वित्त मंत्रालय ने आश्वासन दिया था कि वो इस नुकसान की भरपाई करेगा. लेकिन, अभी तक उसके नुकसान की भरपाई नहीं हो पाई है.
सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही IRCTC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक होनी है, जिसमें सर्विस चार्ज की दरों पर फैसला लिया जा सकता है. सूत्रों की मानें तो आईआरसीटीसी पुरानी सर्विस चार्ज की दरों को ही लागू कर सकता है. अगर ऐसा होता है तो इसका सीधा बोझ मुसाफिरों पर आएगा.