आपके IRCTC अकाउंट में लिंक है Aadhaar या नहीं? एक क्लिक में जानें लिंक करने का पूरा प्रोसेस

भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को पारदर्शी बनाने के लिए आधार ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर दिया है. 1 अक्टूबर 2025 से अब टिकट खुलने के पहले 15 मिनट में केवल वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे जिनका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक होगा.
आपके IRCTC अकाउंट में लिंक है Aadhaar या नहीं? एक क्लिक में जानें लिंक करने का पूरा प्रोसेस

Indian Railways ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. रेलवे मंत्रालय ने सोमवार को ऐलान किया कि 1 अक्टूबर 2025 से टिकट बुकिंग खुलने के पहले 15 मिनट तक केवल वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे जिनका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक होगा. यानी अब अगर आपका अकाउंट आधार से जुड़ा नहीं है तो शुरुआती 15 मिनट की बुकिंग विंडो में आप टिकट नहीं ले पाएंगे. आइए विस्तार से समझते हैं यह नियम क्या है, इसका फायदा क्या होगा और अगर आपका आधार अभी तक लिंक नहीं है तो आप इसे कैसे लिंक कर सकते हैं.

नया नियम क्यों लागू किया गया

रेलवे के मुताबिक अक्सर देखा गया है कि टिकट खुलते ही बड़ी संख्या में टिकट एजेंट्स और कुछ unscrupulous यूज़र्स सीटें ब्लॉक कर लेते थे, जिससे आम यात्री टिकट से वंचित रह जाते थे. इस समस्या को रोकने और असली यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया गया है.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस कदम से टिकट बुकिंग सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी और असली यात्रियों को लाभ मिलेगा. एजेंट्स के लिए पहले से ही 10 मिनट की रोक लागू है, वह नियम आगे भी जारी रहेगा.

कैसे चेक करें कि आपका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक है या नहीं?

  • सबसे पहले IRCTC वेबसाइट या IRCTC मोबाइल ऐप पर लॉगिन करें.
  • लॉगिन करने के बाद My Account सेक्शन पर जाएं.
  • वहां आपको My Profile → Aadhaar KYC का ऑप्शन मिलेगा.
  • अगर आपका आधार पहले से लिंक है तो वहां “KYC Verified” या “Aadhaar Verified” लिखा दिखेगा.
  • अगर लिंक नहीं है तो आपको आधार नंबर डालने का विकल्प मिलेगा.

कैसे लिंक करें IRCTC अकाउंट से आधार?

  • अगर आपका आधार अभी तक लिंक नहीं है तो इन आसान स्टेप्स से कर सकते हैं पूरा काम:
  • IRCTC की वेबसाइट/ऐप पर लॉगिन करें.
  • My Profile → Aadhaar KYC पर क्लिक करें.
  • अब अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें और “Submit” दबाएं.
  • आपके मोबाइल नंबर पर, जो आधार से लिंक है, एक OTP आएगा.
  • OTP डालकर वेरीफाई करें.
  • सफल वेरीफिकेशन के बाद आपका अकाउंट आधार से लिंक हो जाएगा और “Aadhaar Verified” का मैसेज दिखने लगेगा.

रेलवे सिस्टम में क्या हो रहे हैं और बदलाव

रेलवे सिर्फ आधार ऑथेंटिकेशन ही नहीं कर रहा है बल्कि अपने Passenger Reservation System (PRS) को भी अपग्रेड कर रहा है. नया PRS सिस्टम 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट और 40 लाख enquiry प्रति मिनट संभालने में सक्षम होगा. इसके अलावा, रेलवे ने जून 2025 में यह भी ऐलान किया था कि अब रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 8 घंटे पहले तैयार होगा (पहले यह समय 4 घंटे था). इसका फायदा यह होगा कि वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को पहले से स्थिति साफ हो जाएगी और उन्हें योजना बनाने का ज्यादा समय मिलेगा.

यात्रियों के लिए जरूरी टिप्स

अगर आप 1 अक्टूबर 2025 के बाद टिकट बुक करना चाहते हैं और जल्दी सीट चाहते हैं, तो आज ही अपना आधार IRCTC अकाउंट से लिंक करा लें. बुकिंग के पहले 15 मिनट में बिना आधार लिंक के आप टिकट नहीं निकाल पाएंगे. स्टेशन काउंटर से टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले जैसी ही रहेगी, वहां कोई बदलाव नहीं किया गया है.

FAQs

1. क्या अब बिना आधार टिकट बुक नहीं किया जा सकेगा?

ऐसा नहीं है. आधार सिर्फ पहले 15 मिनट की ऑनलाइन बुकिंग विंडो के लिए अनिवार्य है. उसके बाद सामान्य यूज़र्स भी टिकट बुक कर सकते हैं.

2. यह नया नियम कब से लागू होगा?

यह नियम 1 अक्टूबर 2025 से लागू होगा.

3. क्या एजेंट्स को भी आधार लिंक करना होगा?

हां, लेकिन एजेंट्स पर पहले से ही शुरुआती 10 मिनट की रोक जारी रहेगी.

4. अगर IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं है तो क्या होगा?

आप पहले 15 मिनट में टिकट बुक नहीं कर पाएंगे. लेकिन उसके बाद सामान्य रूप से टिकट बुक कर सकते हैं.

5. IRCTC अकाउंट से आधार लिंक करने में कितना समय लगता है?

ऑनलाइन प्रक्रिया बहुत आसान है और 2–3 मिनट में पूरा हो जाता है. OTP वेरीफिकेशन के बाद आपका अकाउंट तुरंत आधार से जुड़ जाता है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source