&format=webp&quality=medium)
Indian Railways यात्रियों के लिए लगातार सुविधाओं को आधुनिक और सुगम बनाती जा रही है. इसी कड़ी में अब पश्चिम रेलवे ने गुजरात की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस (उधना से ब्रह्मपुर के बीच) की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का निर्णय लिया है. पहले सप्ताह में सिर्फ एक बार चलने वाली यह ट्रेन अब तीन दिन चलेगी. इसके लिए टिकट बुकिंग 16 नवंबर 2025 से शुरू हो रही है, जिसे लेकर यात्री बेहद उत्साहित हैं.
अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है जिसका लक्ष्य लंबी दूरी के यात्रियों को कम किराए में बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है. यह ट्रेन आधुनिक डिजाइन, बेहतर कोच क्वालिटी और सुविधाजनक लेआउट के कारण तेजी से लोकप्रिय हो रही है. खास बात यह है कि इसमें स्लीपर और जनरल क्लास दोनों उपलब्ध हैं, जिससे बड़े पैमाने पर यात्रियों को फायदा होता है.
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि अब ट्रेन संख्या 19021/19022 की फ्रीक्वेंसी साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक कर दी गई है. 19 नवंबर 2025 से उधना से ब्रह्मपुर अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन (रविवार, बुधवार और शुक्रवार) को चलेगी. यह ट्रेन हर दिन सुबह 07:10 बजे उधना से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 13:55 बजे ब्रह्मपुर पहुंचेगी.
वहीं, ब्रह्मपुर से उधना आने वाली ट्रेन संख्या 19022 की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ाई गई है. यह ट्रेन अब सोमवार, गुरुवार और शनिवार की रात 23:45 बजे ब्रह्मपुर से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 08:45 बजे उधना पहुंचेगी. इस बदलाव से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और लंबी दूरी की यात्रा काफी सुविधाजनक हो जाएगी.
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कई अहम स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें बारडोली, व्यारा, नवापुर, नंदुरबार, मलकापुर, नागपुर, दुर्ग, रायपुर, टिटलागढ़, विजयनगरम और पलासा जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. इन स्टॉप्स के कारण ग्रामीण व शहरी दोनों इलाकों के यात्रियों को इससे काफी राहत मिलेगी और राज्यों के बीच कनेक्टिविटी और भी मजबूत होगी.
ट्रेन नंबर 19021 की बढ़ाई गई फ्रीक्वेंसी की टिकट बुकिंग 16 नवंबर से खुलेगी. यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या नजदीकी PRS काउंटर से टिकट बुक कर सकेंगे. उधना से ब्रह्मपुर के बीच स्लीपर क्लास का किराया मात्र ₹795 है, जो लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहद किफायती माना जा रहा है. ट्रेन के स्टॉपेज, टाइमिंग और कोच कंपोजिशन की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे ने अपनी वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर विवरण उपलब्ध कराया है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)