&format=webp&quality=medium)
देश के करोड़ों रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. आज भारतीय रेलवे ने सुपरऐप RailOne को लॉन्च कर दिया है. अब यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर रेल से जुड़े सारे काम एक ही प्लेटफॉर्म पर बहुत आसानी से होंगे. इसके लिए सरकार ने सुपरऐप ‘रेलवन' को लॉन्च कर दिया है. यात्री सुविधा रिफॉर्म की कड़ी में ये एक और महत्वपूर्ण कदम है. बता दें कि ज़ी बिजनेस ने सबसे पहले ये ख़बर आपको बताई थी.
आज केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने CRIS के 40वें स्थापना दिवस समारोह में RailOne ऐप लॉन्च किया. इस ऐप में ट्रेन के चलने के समय, शेड्यूल, कोच की पोजीशन, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन जैसी जानकारी भी उपलब्ध होगी. साथ ही यात्रियों को ट्रेन में सफर के दौरान फूड की फिक्र नहीं रहेगी क्योंकि इसके जरिए आपको फूड ऑर्डर करने की भी सुविधा मिलेगी. ऐप पर मौजूद 'Rail Madad' फीचर के जरिए यात्री रेलवे से जुड़ी शिकायतों को दर्ज कर सकते हैं.
यहां देखें Video: अब रेलवे टिकट बुकिंग, PNR Status, फूड ऑर्डर की सुविधा… सब कुछ एक ही ऐप में!
इस ऐप के जरिए आप Indian Railways के किसी भी रिजर्व कैटेगरी की सीटों (स्लीपर, AC) की बुकिंग के साथ-साथ आप जनरल डिब्बों का टिकट भी यहां से ले सकते हैं. इसके लिए पहले पैसेंजर्स के पास रेलवे स्टेशन पर मौजूद टिकट काउंटर या UTS मोबाइल का ऑप्शन मौजूद है. इसके अलावा प्लेटफॉर्म टिकट के लिए भी आपको काउंटर पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं. आप इस ऐप के जरिए प्लेटफॉर्म टिकट ले सकते हैं.
अगर किसी कारण से आपकी ट्रेन छूट जाती है या आप अपना टिकट कैंसिल कराकर रिफंड चाहते हैं तो इसका ऑप्शन भी आपको रेलवन ऐप पर मिलेगा. वहीं अगर आप अपनी ट्रेन जर्नी से जुड़ा कोई भी फीडबैक शेयर करना चाहते हैं, जिससे रेलवे अपनी सर्विस को और बेहतर बना सके तो आप यहां फीडबैक दे सकते हैं. RailOne ऐप को आप Playstore और Appstore से डाउनलोड कर सकते हैं.