छठ पूजा के लिए रेलवे ने पूरी कर ली तैयारी, घर जाने के लिए स्पेशल ट्रेनों में बढ़ाए कोच, स्टेशन पर बज रहे हैं छठ-गीत

Chhath Puja 2025: छठ पूजा के मौके पर भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए देशभर में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं. बिहार, झारखंड और यूपी के प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा, मेडिकल और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है.
छठ पूजा के लिए रेलवे ने पूरी कर ली तैयारी, घर जाने के लिए स्पेशल ट्रेनों में बढ़ाए कोच, स्टेशन पर बज रहे हैं छठ-गीत

Chhath Puja 2025: छठ पूजा के मौके पर जब लाखों लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं, ऐसे में भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं. रेलवे ने त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें, अतिरिक्त कोच और कई नई यात्री सुविधाएँ शुरू की हैं, ताकि हर कोई बिना परेशानी अपने घर तक पहुँच सके.

त्योहारी भीड़ के बीच रेलवे की तैयारियां पूरी

छठ पूजा के दौरान बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या हर साल कई गुना बढ़ जाती है. इस बार भी हालात कुछ अलग नहीं हैं, इसलिए रेलवे ने पहले से ही भीड़ प्रबंधन की रणनीति तैयार कर ली है. त्योहारी रश के दौरान यात्रियों को सुविधा देने के लिए देशभर में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनमें से 900 से ज्यादा विशेष ट्रिप्स सिर्फ अगले तीन दिनों में संचालित की जाएंगी.

रेल मंत्रालय के अनुसार, यात्रियों की वापसी के लिए 28 अक्टूबर से कुल 6,181 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि लोग त्योहार के बाद आसानी से अपने कार्यस्थलों पर लौट सकें.

भोपाल से दिल्ली के बीच छठ पूजा स्पेशल ट्रेन

त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए, रेलवे ने भोपाल (रानी कमलापति स्टेशन) से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) के बीच छठ पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई है.

ट्रेन संख्या 01661 (रानी कमलापति हजरत निजामुद्दीन छठ पूजा स्पेशल) शनिवार सुबह 7:30 बजे रवाना हुई और शाम 8:15 बजे दिल्ली पहुँची. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 01662 शनिवार रात 8:30 बजे दिल्ली से रवाना होकर रविवार सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुँचेगी.

इस ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 6 इकोनॉमी थर्ड एसी, 5 स्लीपर, 4 जनरल क्लास, 1 एसएलआरडी और 1 जनरेटर कोच शामिल हैं.

बिहार में भीड़ संभालने के लिए 30 स्टेशन तैयार

रेलवे ने बिहार में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए करीब 30 प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतज़ाम किए हैं. इनमें पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी, सहारसा, सहरसा और बेतिया जैसे बड़े स्टेशन शामिल हैं. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, सीसीटीवी निगरानी, वेदरप्रूफ वेटिंग एरिया, और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं.

इसके अलावा, कई स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं ताकि यात्री आराम से ट्रेन का इंतजार कर सकें और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़बढ़े.

सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए 24x7 मेडिकल सुविधा

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा और सेहत को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 24 घंटे मेडिकल बूथ की सुविधा शुरू की है. पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, और सहारसा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर डॉक्टरों की टीम, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को तैनात किया गया है. रेल मंत्रालय के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी.

अतिरिक्त कोच और आधुनिक इंतज़ाम

रेलवे ने बताया कि छठ पूजा के दौरान मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं ताकि यात्रियों को बैठने में दिक्कत न हो. प्रमुख रूटों पर LHB कोचों की संख्या बढ़ाई गई है, जो अधिक सुरक्षित और आरामदायक हैं. इसके अलावा, मौसम से बचाव के लिए वॉटरप्रूफ शेड्स और अस्थायी इंतज़ाम किए गए हैं, जिससे यात्रियों को धूप या बारिश में परेशानी न हो.

छठ गीतों से गूंजे स्टेशन, बना त्योहार जैसा माहौल

छठ पर्व का जश्न रेलवे स्टेशन तक पहुँच गया है. यात्रियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें घर की याद दिलाने के लिए रेलवे ने कई बड़े स्टेशनों पर छठ पूजा के पारंपरिक गीत बजाने की व्यवस्था की है.

पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, सोनपुर, जामालपुर, नई दिल्ली, गाजियाबाद और आनंद विहार टर्मिनल जैसे स्टेशनों पर भोजपुरी और मैथिली छठ गीत बज रहे हैं. यात्रियों ने बताया कि इन गीतों से माहौल पूरी तरह “घर जैसा” बन गया है और लंबा सफर भी आनंददायक लग रहा है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source