&format=webp&quality=medium)
दिल्ली मेट्रो में गर्भवती महिलाओं समेत इन लोगों को मिलेगी लाइन से मुक्ति, सिक्युरिटी चेक में सबसे पहले एंट्री
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो ने दिव्यांगों, प्रेगनेंट महिलाओं और सीनियर सिटीजन को बड़ी राहत दी है. दरअसल दिल्ली मेट्रो ने दिव्यांगजनों,वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं इत्यादि जैसे यात्रियों के लिए सुरक्षा जांच में प्राथमिकता देने की शुरुआत की है. इस पहल का उद्देश्य इन यात्रियों को सहज और सहूलियत-भरी यात्रा का अनुभव प्रदान करना है ताकि वे आराम से, सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजर सकें. डीएमआरसी तलाशी में प्राथमिकता जैसी पहल को लागू करने और खास किस्म के यात्रियों को सहूलियत देने तथा आवश्यक दिशानिर्देश जारी करने के लिए सीआईएसएफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर काम कर रही है.
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,"दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के सहयोग से सभी मेट्रो स्टेशनों पर, कुछ वर्ग के यात्रियों के लिए सुरक्षा जांच(फ्रिस्किंग) में प्राथमिकता देने की शुरूआत की है. इस वर्ग में शामिल यात्रियों जैसे कि दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशु लिए महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और घायल व्यक्तियों को मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश के दौरान सुरक्षा जाँच में वरीयता मिलने से काफी सहूलियत होगी."
DMRC ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- "इस सुविधा हेतु पात्रता के संबंध में किसी भी प्रकार का संदेह या विवाद की स्थिति में सुरक्षाकर्मी, यात्रियों की स्थिति को सत्यापित करने के लिए उनसे प्रासंगिक दस्तावेज दिखाने का अनुरोध कर सकते हैं.डीएमआरसी ने दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीटों सहित मेट्रो सिस्टम में यात्रा के आरंभ से लेकर गंतव्य तक हर प्रकार की सहूलियत प्रदान करने को सदैव प्राथमिकता दी है."
DMRC के मुताबिक, "डीएमआरसी के सभी परिसर यात्रियों के अनुकूल हैं जिनमें स्पर्शनीय पथ, व्हीलचेयर और अन्य सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं ताकि उन्हें निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके. इस कदम के साथ डीएमआरसी ने सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक कारगर बनाते हुए, देश भर में सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने का कार्य किया है."