&format=webp&quality=medium)
Delhi Patna Special Vande Bharat: त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तरी रेलवे (Northern Railway) ने बड़ा ऐलान किया है. अब दिल्ली से पटना के बीच फेस्टिवल स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन 11 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलेगी. रेलवे ने कहा कि यह ट्रेन यात्रियों के लिए त्योहारों के दौरान यात्रा को आसान और आरामदायक बनाएगी. दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों में दिल्ली-पटना रूट पर भारी भीड़ रहती है, ऐसे में यह ट्रेन हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
उत्तरी रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए यह फेस्टिवल स्पेशल वंदे भारत ट्रेन 11 अक्टूबर से शुरू होकर 15 नवंबर 2025 तक चलेगी.
उन्होंने कहा, “त्योहारों के सीजन में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है. इसलिए रेलवे ने तय किया है कि यात्रियों की सुविधा के लिए वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाए, ताकि उन्हें आरामदायक और सुरक्षित यात्रा मिल सके.”
दिल्ली से पटना जाने वाली यह स्पेशल ट्रेन नंबर 02252 होगी. यह ट्रेन हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी. ये ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर रात में 9:30 बजे पटना पहुंचेगी. इस तरह यह ट्रेन सिर्फ 13 घंटे से भी कम समय में दिल्ली से पटना की दूरी तय करेगी. यात्रा के दौरान ट्रेन अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर, बक्सर और आरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
वहीं, वापसी में पटना से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 02251 होगी. यह सर्विस 12 अक्टूबर से शुरू होगी और 15 नवंबर तक चलेगी. पटना से सुबह 10 बजे निकलकर रात में 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन हर मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी और कुल 16 ट्रिप्स करेगी.
अधिकारियों ने बताया कि यह वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन 16 कोचों की होगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को जगह मिल सके. इसमें आधुनिक सीटिंग, बेहतर खानपान व्यवस्था और आरामदायक सफर की सुविधा दी जाएगी. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेनों में यात्रियों को तेज रफ्तार, सेफ जर्नी और लग्जरी अनुभव एक साथ मिलता है. त्योहारों के दौरान जब बाकी ट्रेनें फुल हो जाती हैं, तब यह ट्रेन एक बेहतर विकल्प साबित होगी.
हर साल दशहरा, दीपावली और छठ के समय दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या लाखों में होती है. इस वजह से टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो जाता है. रेलवे ने इस समस्या को देखते हुए यह स्पेशल वंदे भारत चलाने का फैसला लिया है ताकि लोग त्योहार के समय अपने घर आराम से पहुंच सकें.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टिकट बुकिंग IRCTC वेबसाइट और ऐप पर शुरू होगी. चूंकि यह फेस्टिवल स्पेशल वंदे भारत ट्रेन है, इसलिए किराया सामान्य वंदे भारत ट्रेनों से थोड़ा अलग हो सकता है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहले से टिकट बुक करें क्योंकि यह रूट त्योहारों में हमेशा हाउसफुल रहता है.
FAQs
1. दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन कब से चलेगी?
यह ट्रेन 11 अक्टूबर 2025 से 15 नवंबर 2025 तक चलेगी.
2. यह ट्रेन किन दिनों में चलेगी?
नई दिल्ली से पटना ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि पटना से दिल्ली ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी.
3. दिल्ली से पटना जाने में कितना समय लगेगा?
यह ट्रेन लगभग 13 घंटे से कम समय में सफर पूरा करेगी.
4. ट्रेन कहां-कहां रुकेगी?
ट्रेन अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी.
5. टिकट कैसे बुक होंगे?
टिकट IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए बुक किए जा सकते हैं.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)