&format=webp&quality=medium)
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली. दिनभर रुक-रुककर हो रही बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं सड़कों पर पानी भरने और ट्रैफिक जाम ने परेशानी बढ़ा दी. बारिश का असर दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी पड़ा, जिसके चलते ब्लू लाइन और येलो लाइन पर कुछ समय के लिए सेवाएं बाधित रहीं. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर जानकारी दी कि ब्लू लाइन के बाराखंभा और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशनों के बीच मेट्रो देरी से चल रही है. हालांकि, अन्य सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य बनी रहीं. डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान समय का ध्यान रखें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करें.
दिन के समय येलो लाइन पर भी मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं. डीएमआरसी ने बताया कि गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन पर सिग्नलिंग समस्या के कारण समयपुर बादली की ओर जाने वाली मेट्रो को वापस मोड़ने में समय लग रहा था. इस वजह से सुल्तानपुर से मिलेनियम सिटी सेंटर के बीच मेट्रो सेवाएं देरी से चल रही थीं. हालांकि, सुल्तानपुर से समयपुर बादली तक मेट्रो सामान्य रूप से चल रही थी. तकनीकी टीम ने प्राथमिकता पर काम करते हुए समस्या को दूर कर लिया और डीएमआरसी ने बाद में अपडेट दिया कि येलो लाइन पर सेवाएं फिर से सामान्य हो गई हैं.
बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जगह-जगह जलभराव और जाम की स्थिति ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं. कई इलाकों में सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. ऑफिस समय में हुई बारिश की वजह से दिल्ली और गुरुग्राम समेत एनसीआर के अन्य शहरों में ट्रैफिक पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही 1 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया था. विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
2 सितंबर: आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
3-4 सितंबर: गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है.
5-6 सितंबर: बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. यात्रा के दौरान ट्रैफिक अपडेट लेते रहने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और घर से निकलते समय छाता या रेनकोट रखने की सलाह दी गई है.
बारिश ने राजधानी और एनसीआर के मौसम को ठंडक भरा बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है. डीएमआरसी और ट्रैफिक पुलिस लगातार अपडेट दे रही हैं ताकि यात्रियों को असुविधा कम से कम हो.