अकाउंट में कितना पैसा होना चाहिए कि ना करनी पड़े किसी की नौकरी, ना लेनी पड़े भविष्य की टेंशन, आसान भाषा में समझिए

25x रूल के अनुसार, अगर आप अपनी सालाना खर्च की 25 गुना राशि बचाकर कर अकाउंट में जमा कर लेते हैं, तो आप खुद को फाइनेंशियली फ्री कह सकते हैं.
अकाउंट में कितना पैसा होना चाहिए कि ना करनी पड़े किसी की नौकरी, ना लेनी पड़े भविष्य की टेंशन, आसान भाषा में समझिए

कैसे मिलेगी फाइनेंशियल फ्रीडम?

हर किसी का सपना होता है कि वो एक दिन ऐसा जीवन जिए जहां पैसों की टेंशन न हो, काम सिर्फ अपनी मर्जी से करे और खर्च चलाने के लिए किसी सैलरी या बिजनेस पर निर्भर न रहना पड़े. इसे ही कहते हैं फाइनेंशियल फ्रीडम और आज हम आपको बताने जा रहे हैं इसका बेहद आसान और असरदार फॉर्मूला, जिसे कहा जाता है 25x रूल या 4 पर्सेंट रूल.

क्या है 25x रूल?

25x रूल के मुताबिक, अगर आप अपनी सालाना खर्च की 25 गुना राशि बचाकर या निवेश करके जमा कर लेते हैं, तो आप खुद को फाइनेंशियली फ्री कह सकते हैं. मतलब, आपकी जमा पूंजी इतनी होनी चाहिए कि उसमें से हर साल सिर्फ 4 फीसदी निकालकर आप अपने खर्च पूरे कर सकें और आपकी पूंजी फिर भी कई दशकों तक खत्म न हो.

Add Zee Business as a Preferred Source

उदाहरण से समझिए ये गणित

मान लीजिए आपकी सालाना ज़रूरतें, बिल, घूमने-फिरने और बाकी खर्च मिलाकर कुल 10 लाख रुपये हैं. तो आपको फाइनेंशियल फ्रीडम पाने के लिए 10 लाख × 25 = 2.5 करोड़ रुपये का फंड बनाना होगा. अब अगर आप हर साल इस फंड से सिर्फ 4 फीसदी यानी 10 लाख रुपये निकालते हैं, तो आपकी ज़िंदगी आराम से चल सकती है और आपका निवेश लंबे समय तक टिकेगा भी.

खर्च का सही आकलन ही है असली चाबी

इस फॉर्मूले में सबसे ज़रूरी चीज है आपकी वास्तविक सालाना खर्च की सही गणना. इसमें सिर्फ खाना-रहना ही नहीं, बल्कि ट्रेवेल, बच्चों की पढ़ाई, मेडिकल, गाड़ी का खर्च, मनोरंजन जैसी हर जरूरत शामिल होनी चाहिए. जितना ईमानदारी से आप खर्च का आंकलन करेंगे, उतना ही सटीक होगा आपका फाइनेंशियल फ्रीडम का लक्ष्य.

फाइनेंशियल फ्रीडम का सफर शुरू करने से पहले आपको 3 से 6 महीने का इमरजेंसी फंड भी तैयार रखना चाहिए. यह उन हालातों में मदद करेगा जब अचानक नौकरी जाए, कोई बड़ा खर्च सामने आए या कोई स्वास्थ्य संबंधी इमरजेंसी आ जाए.

इस फंड को ऐसे बनाएं और सुरक्षित रखें

फाइनेंशियल फ्रीडम सिर्फ पैसे बचाने से नहीं, बल्कि उसे सही जगह निवेश करने से मिलती है. इसलिए इस फंड को शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड्स, रियल एस्टेट और दूसरी इनकम जनरेटिंग एसेट्स में लगाएं. साथ ही, अपने स्वास्थ्य और संपत्ति की सुरक्षा के लिए जरूरी बीमा जरूर लें.

आसान भाषा में कहें तो इस बात की कोई पाबंदी नहीं है कि फाइनेंशियल फ्रीडम सिर्फ रिटायरमेंट के बाद ही मिल सकती है. अगर आप सही योजना बनाएं और अनुशासित तरीके से निवेश करें, तो 40 की उम्र में भी आर्थिक रूप से स्वतंत्र हुआ जा सकता है.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6