&format=webp&quality=medium)
वाहन का बीमा करवाते समय अक्सर "नो क्लेम बोनस" (NCB) शब्द सुनने को मिलता है. ये गाड़ी के मालिक को मिलने वाली एक खास सुविधा है जो आपके बीमा प्रीमियम पर अच्छी खासी बचत करा सकती है. नो क्लेम बोनस (NCB) एक तरह का रिवॉर्ड है जो बीमा कंपनी द्वारा पॉलिसीधारक को दिया जाता है. ये रिवॉर्ड तब मिलता है, जब पॉलिसीधारक पूरे पॉलिसी वर्ष के दौरान अपनी गाड़ी के लिए कोई भी बीमा क्लेम नहीं करता है. NCB का फायदा पॉलिसी को रिन्यू करते समय प्रीमियम पर छूट के रूप में मिलता है. ये छूट 20% से शुरू होकर 50% तक हो सकती है.
NCB की गणना आपके क्लेम-फ्री वर्षों के आधार पर की जाती है. इसकी शुरुआत पॉलिसी के दूसरे वर्ष से होती है और 5 वर्ष तक चल सकती है.
लगातार पांच साल तक क्लेम न करने के बाद, आपको हर साल रिन्यूअल पर 50% की छूट मिलती रहती है, जब तक आप कोई क्लेम नहीं करते. हालांकि ये ध्यान रखना जरूरी है कि NCB की छूट केवल 'ओन डैमेज' (Own Damage) प्रीमियम पर लागू होती है, थर्ड-पार्टी लायबिलिटी प्रीमियम पर नहीं.
NCB का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे आपके बीमा का प्रीमियम काफी कम हो जाता है, जिससे आपकी बचत होती है.पॉलिसीधारकों को सुरक्षित रूप से गाड़ी चलाने के लिए प्रोत्साहित करता है ताकि वे दुर्घटनाओं से बच सकें और अपना NCB बनाए रख सकें. इसके अलावा NCB पॉलिसीधारक से जुड़ा होता है, न कि वाहन से. इसका मतलब है कि यदि आप अपनी पुरानी कार बेचकर नई कार खरीदते हैं, तो आप अपने अर्जित NCB को नई कार की पॉलिसी में ट्रांसफर कर सकते हैं.
जैसे ही आप अपनी पॉलिसी अवधि के दौरान कोई भी क्लेम करते हैं, तो आपका NCB अगले रिन्यूअल पर शून्य हो जाता है. इसके अलावा अगर आप अपनी पॉलिसी की समाप्ति तिथि के 90 दिनों के भीतर उसे रिन्यू नहीं कराते हैं, तो भी आपका NCB समाप्त हो जाता है.
जब आप अपनी पुरानी कार बेचते हैं और नई कार खरीदते हैं, तो आप अपना NCB नई कार की बीमा पॉलिसी में ट्रांसफर करवा सकते हैं. इसके लिए आपको अपनी पुरानी बीमा कंपनी से एक NCB सर्टिफिकेट लेना होता है. ये सर्टिफिकेट 3 साल तक के लिए वैध रहता है. नई पॉलिसी खरीदते समय यह सर्टिफिकेट नई बीमा कंपनी को देना होता है, जिसके बाद NCB का फायदा नई पॉलिसी के प्रीमियम पर मिल जाता है. ध्यान रहे कि NCB केवल समान प्रकार के वाहनों में ही ट्रांसफर हो सकता है, यानी कार का NCB कार में और बाइक का NCB बाइक में.
अगर आप छोटे-मोटे क्लेम के कारण अपना NCB खोना नहीं चाहते हैं, तो आप 'NCB प्रोटेक्शन' ऐड-ऑन कवर खरीद सकते हैं. ये ऐड-ऑन कवर आपको एक निश्चित सीमा तक क्लेम करने के बावजूद आपके NCB को सुरक्षित रखने की इजाजत देता है.