&format=webp&quality=medium)
सुरक्षित निवेश और आकर्षक रिटर्न, ये एक ऐसा कॉम्बिनेशन है जिसे हर निवेशक तलाशता है. इक्विटी बाज़ार के उतार-चढ़ाव और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की घटती ब्याज दरों के बीच, कॉर्पोरेट बॉन्ड्स (Corporate Bonds) निवेश के ऐसे ऑप्शन के तौर पर सामने आए हैं जो आपकी इन दोनों जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकते हैं. ये उन निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं जो अपने पोर्टफोलियो में स्थिरता चाहते हैं लेकिन FD से ज़्यादा रिटर्न की उम्मीद करते हैं.
कॉर्पोरेट बॉन्ड में निवेश करना शेयर बाजार की तुलना में कम जोखिम भरा माना जाता है. साथ ही इसमें सरकारी बॉन्ड और FD से बेहतर रिटर्न देने की क्षमता होती है. कॉर्पोरेट बॉन्ड्स में आपको 8-10% तक रिटर्न आसानी से मिल सकता है, जो बैंक FD से काफी बेहतर है. कई बार ब्याज इससे भी बेहतर हो सकता है. आइए जानते हैं कि क्या होता है कॉर्पोरेट बॉन्ड और क्या हैं इसके फायदे-नुकसान और रिस्क फैक्टर्स.
जब किसी कंपनी को अपने कारोबार के विस्तार, नए प्रोजेक्ट शुरू करने या अन्य जरूरतों के लिए पैसों की जरूरत होती है, तो वो बैंकों से लोन लेने के बजाय आम निवेशकों से उधार लेती है. इस उधार के बदले में कंपनी एक तरह का ऋण पत्र (Debt Instrument) जारी करती है, जिसे कॉर्पोरेट बॉन्ड कहा जाता है. जो व्यक्ति इन बॉन्ड्स को खरीदता है, वो असल में उस कंपनी को कर्ज दे रहा होता है. इसके बदले में, कंपनी निवेशक को एक निश्चित अवधि तक, पहले से तय ब्याज दर (जिसे कूपन रेट कहते हैं) का भुगतान करती है. जब बॉन्ड की अवधि (मैच्योरिटी) पूरी हो जाती है, तो कंपनी निवेशक को उसकी मूल रकम वापस लौटा देती है.
कॉर्पोरेट बॉन्ड्स का सबसे बड़ा फायदा ये है कि ये फिक्स्ड डिपॉजिट और सरकारी बॉन्ड्स की तुलना में बेहतर ब्याज दर ऑफर करते हैं. अच्छी रेटिंग वाले कॉर्पोरेट बॉन्ड्स आसानी से 8.00% से लेकर 10% तक या उससे भी ज्यादा का रिटर्न दे सकते हैं.
शेयर बाजार की तुलना में कॉर्पोरेट बॉन्ड्स को काफी सुरक्षित माना जाता है. ऐसा इसलिए है क्योंकि बॉन्डधारकों का कंपनी की संपत्ति पर इक्विटी शेयरधारकों से पहला अधिकार होता है. अगर कंपनी दिवालिया होती है, तो पहले बॉन्डधारकों का पैसा चुकाया जाता है.
ये बॉन्ड्स एक निश्चित आमदनी का जरिया प्रदान करते हैं. कंपनी आपको मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना आधार पर ब्याज का भुगतान करती है, जो आपकी नियमित जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकता है.
आप अपने पोर्टफोलियो में कॉर्पोरेट बॉन्ड्स को शामिल करके डायवर्सिफाई कर सकते हैं. ये इक्विटी और अन्य एसेट्स से जुड़े जोखिम को संतुलित करने में मदद करता है.
कई कॉर्पोरेट बॉन्ड्स स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड होते हैं, जिसका मतलब है कि आप उन्हें मैच्योरिटी से पहले भी आसानी से खरीद या बेच सकते हैं.
अगर कंपनी की आर्थिक स्थिति खराब हो जाती है और वो ब्याज या मूलधन चुकाने में असमर्थ हो जाती है, तो आपको नुकसान हो सकता है. इससे बचने के लिए, हमेशा CRISIL, ICRA जैसी एजेंसियों द्वारा दी गई हाई क्रेडिट रेटिंग (जैसे AAA, AA+) वाले बॉन्ड्स में निवेश करें. ये काफी हद तक सुरक्षित होता है.
बाजार में ब्याज दरें घटने-बढ़ने का असर बॉन्ड की कीमतों पर पड़ता है. अगर रिजर्व बैंक ब्याज दरें बढ़ाता है, तो नए जारी होने वाले बॉन्ड्स ज़्यादा कूपन रेट ऑफर करेंगे, जिससे आपके पुराने, कम ब्याज वाले बॉन्ड की कीमत सेकेंडरी मार्केट में घट सकती है.
हालांकि कई बॉन्ड्स लिस्टेड होते हैं, लेकिन कुछ बॉन्ड्स, खासकर कम रेटिंग वाली कंपनियों के बॉन्ड्स के लिए खरीदार ढूंढना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में, मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.
अगर महंगाई दर आपके बॉन्ड पर मिल रहे रिटर्न से ज़्यादा हो जाती है, तो आपके निवेश की वास्तविक कीमत समय के साथ कम हो सकती है.