&format=webp&quality=medium)
आज के समय में अगर आप करोड़पति बनने की चाहत रखते हैं तो इसमें कुछ गलत नहीं है. जिस तरह से महंगाई तेजी से बढ़ रही है, आने वाले समय में रुपए की कीमत पर और असर पड़ेगा, ऐसे में कुछ समय बाद 1 करोड़ की कीमत बहुत बड़ी नहीं रह जाएगी. इसलिए सिर्फ 1 करोड़ नहीं, इतनी रकम जोड़िए कि आज से 20 से 25 साल बाद भी कमी न रहे.
अच्छी बात ये है कि अब ये बहुत मुश्किल काम नहीं. निवेश की दुनिया में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) इस सपने को हकीकत में बदलने की क्षमता रखता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि SIP में भी एक स्मार्ट तरीका है, जो आपको आपके लक्ष्य तक और भी तेजी से पहुंचा सकता है? हम बात कर रहे हैं Step-up SIP की. अक्सर निवेशक इस दुविधा में रहते हैं कि उन्हें Normal SIP करना चाहिए या Step-up SIP? यहां जानिए कि अगर आपको 5 करोड़ का फंड तैयार करना हो तो कौन सा तरीका कितना कारगर है?
नॉर्मल या रेगुलर SIP निवेश का सबसे सीधा और लोकप्रिय तरीका है. इसमें आप एक तय रकम, हर महीने एक तय तारीख को अपनी पसंदीदा म्यूचुअल फंड स्कीम में निवेश करते हैं. ये रकम शुरुआत से लेकर आपके निवेश के अंत तक एक समान रहती है. ये अनुशासित निवेश का एक शानदार तरीका है, लेकिन इसमें आपकी बढ़ती कमाई का फायदा आपके निवेश को नहीं मिल पाता.
स्टेप-अप SIP, जैसा कि नाम से ही जाहिर है कि ये आपके निवेश में समय-समय पर बढ़ोतरी करने का विकल्प देती है. इसे टॉप-अप SIP भी कहते हैं. इसमें आप हर साल अपनी SIP की रकम को एक निश्चित प्रतिशत या एक निश्चित राशि से बढ़ा देते हैं. सोचिए, हर साल आपकी सैलरी में कुछ न कुछ इंक्रीमेंट तो होता ही है. क्यों न उस बढ़ती सैलरी का एक छोटा सा हिस्सा आपके निवेश में भी जोड़ा जाए? स्टेप-अप SIP ठीक यही काम करती है. ये आपकी बढ़ती आमदनी के साथ आपके निवेश को भी बढ़ाती है, जिससे कम्पाउंडिंग की ताकत (ब्याज पर ब्याज) और भी तेजी से काम करती है.
चलिए अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल पर आते हैं. मान लेते हैं कि आपका लक्ष्य ₹5 करोड़ का फंड तैयार करना है और आप हर महीने ₹20,000 की SIP शुरू करने की योजना बना रहे हैं. हम यह भी मानकर चलते हैं कि आपके निवेश पर सालाना औसतन 12% का रिटर्न मिलेगा. अब देखते हैं कि नॉर्मल SIP और स्टेप-अप SIP (सालाना 10% की बढ़ोतरी के साथ) से यह लक्ष्य पूरा करने में कितना समय लगेगा.
| पैरामीटर | नॉर्मल/रेगुलर SIP | स्टेप-अप SIP |
| लक्ष्य राशि | ₹ 5 करोड़ | ₹ 5 करोड़ |
| शुरुआती मासिक SIP | ₹ 20,000 | ₹ 20,000 |
| सालाना स्टेप-अप | 0% | 10% |
| अनुमानित रिटर्न | 12% सालाना | 12% सालाना |
| लक्ष्य पूरा होने में लगा समय | लगभग 29 साल | लगभग 22 साल |
(नोट: यह गणना अनुमानित रिटर्न पर आधारित है. वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन के हिसाब से कैलकुलेशन अलग हो सकता है.)
ऊपर दी गई कैलकुलेशन से साफ है कि नॉर्मल SIP से आपको 5 करोड़ के लक्ष्य तक पहुंचने में करीब 29 साल लगेंगे. 29 साल में कुल 5,47,89,406 रुपए जमा होंगे. वहीं 10% सालाना स्टेप-अप वाली SIP इस काम को सिर्फ 22 साल में पूरा कर देगी. 22 में 5,05,55,780 रुपए का फंड जमा हो जाएगा. ये है स्टेप-अप की असली ताकत! शुरुआत में दोनों में कोई फर्क नहीं दिखेगा, लेकिन जैसे-जैसे साल बीतेंगे, स्टेप-अप SIP में आपकी निवेशित राशि बढ़ती जाएगी और उस पर कम्पाउंडिंग का असर कई गुना तेज हो जाएगा.
ये उन सभी नौकरीपेशा लोगों के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प है जिनकी आमदनी में हर साल वृद्धि होती है. ये आपके निवेश को आपकी बढ़ती आय के साथ तालमेल बिठाने में मदद करता है और लक्ष्य तक तेजी से पहुंचाता है.
ये उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है जिनकी आय निश्चित है या जो अपने खर्चों को लेकर बहुत अनुशासित हैं और निवेश राशि को बढ़ा नहीं सकते. कुछ न होने से, एक रेगुलर SIP का होना हमेशा बेहतर है.