&format=webp&quality=medium)
ऐसे तमाम लोग हैं जिनके पास पुराने पुश्तैनी सोने की भरमार है. लेकिन पुराना सोना कितना खरा है, इसकी पहचान करना थोड़ा मुश्किल होता है क्योंकि पुराने सोने में हॉलमार्किंग की व्यवस्था नहीं थी. ऐसे में अगर आप इस सोने को बेचने के लिए जाते हैं तो हो सकता है कि आपके 22 कैरेट के सोने को 20 या 18 कैरेट का बताकर आपको चूना लगा दिया जाए. ऐसे में आपके पास भी ज्वैलर पर भरोसा करने के अलावा कोई रास्ता नहीं होगा और आप अपने गोल्ड की पूरी कीमत भी नहीं वसूल पाएंगे.
इसलिए अगर आप अपने बिना हॉलमार्किंग वाले सोने को बेचने के बारे में सोच रहे हैं तो पहले स्मार्ट सेलर बनकर एक काम ध्यान से करें. वो है हॉलमार्किंग. जी हां, आप अपने पुराने सोने की हॉलमार्किंग खुद जाकर करवा सकते हैं. इसके लिए आपको थोड़ा बहुत चार्ज देना होगा और आपको Old Gold पर सरकारी गारंटी मिल जाएगी. जानिए कैसे होगा ये काम.
सरकार ने 1 अप्रैल, 2023 से सोना खरीदने और बेचने के लिए 6 डिजिट वाला हॉलमार्क यूनिक आईडेंटिफिकेशन (HUID) नंबर भी अनिवार्य कर दिया है. देश में सोने की शुद्धता को परखने का काम BIS करता है. हॉलमार्किंग सोने की शुद्धता की सरकारी गारंटी है. हॉलमार्किंग वाली ज्वैलरी पर BIS के तिकोने निशान वाला हॉलमार्क बना होता है.
अगर आप पुराने गहने की हॉलमार्किंग करवाना चाहते हैं, तो ये काम बहुत आसानी से किया जा सकता है. इसके लिए आपको BIS की वेबसाइट पर जाकर सबसे पहले अपने शहर में मौजूद BIS सेंटर का पता करना होगा, जहां कैरेट मापने की मशीन लगी होती है. ये मशीन तीन लेयर पर सोने की जांच करती है और इसके बाद सोने की शुद्धता को कैरेट में बताती है. इसके बाद BIS द्वारा सोने की हॉलमार्किंग कर दी जाती है.
पुराने गहनों पर हॉलमार्किंग के लिए आपको 200 रुपए टेस्टिंग चार्ज देना होता है, साथ ही प्रति गहने 45 रुपए के हिसाब से देने होंगे. हॉलमार्किंग कराने के बाद आप जब गहने को बदलेंगे तो आपको पता होगा कि आपका सोना कितने कैरेट का है और आप ज्वैलर्स की ठगी से खुद को बचा पाएंगे.
22 कैरेट सोने पर 916, 18 कैरेट के सोने पर 750 और 14 कैरेट के सोने पर 585 नंबर लिखा होता है, इन अंकों को देखकर आप पहचान सकते हैं कि सोना कितने कैरेट का है. 22 कैरेट के सोने में 91.66 फीसदी सोना होता है, 18 कैरेट में 75 फीसदी और 14 कैरेट में 58.3 फीसदी सोना होता है. इसके साथ अन्य धातुओं को मिक्स करके सोने के गहने तैयार किए जाते हैं.