&format=webp&quality=medium)
विदेश में पढ़ाई के लिए एसबीआई से एजुकेशन लोन लिया जा सकता है (फोटो- Pixabay).
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) हायर एजुकेशन और प्रोफेशनल डिग्री के लिए 5 तरह के एजुकेशन लोन (Education Loan) देता है, जिनके लिए आप एसबीआई की वेबसाइट www.sbi.co.in पर ऑनलाइन आवदेन कर सकते हैं. बोर्ड एक्जाम के रिजल्ट आने के बाद हायर एजुकेशन के लिए जद्दोजहद बढ़ गई है. महंगी फीस के चलते कई परिवार इस पढ़ाई का बोझ नहीं उठा सकते हैं. ऐसे में एजुकेशन लोन आपके सपनों को पूरा करने का साधन बन सकता है. एसबीआई आपकी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग तरह के एजुकेशन लोन मुहैया कराता है. आइए जाने एसबीआई द्वारा दिए जाने वाले एजुकेशन लोन के बारे में-
स्कॉलर लोन (Scholar Loan)
स्कॉलर लोन भारत के चुनिंदा प्रमुख संस्थानों जैसे IIT, IIM, NIT और अन्य प्रमुख संस्थानों में पढाई के लिए दिया जाता है. इसके तहत 40 लाख रुपये तक लोन लिया जा सकता है. इसके लिए कोई प्रोसेसिंग फीस नहीं है. 100% लोन दिया जाता है. कैंपस ब्रांच या देश भर में 5000 से अधिक ब्रांच से तुरंत मंजूरी. पढ़ाई पूरी होने के बाद 12 महीने का रिपेमेंट हॉलीडे यानी एक साल बाद से किस्त देनी होंगी और अगले 15 वर्षों में पूरा कर्ज चुकाया जा सकता है. ब्याज दर 8.5 प्रतिशत से 10 प्रतिशत के बीच है.
स्टूडेंट लोन (Student Loan)
ये एजुकेशन लोन भारत या विदेश में उच्च शिक्षा के लिए दिया जाता है. स्कॉलर लोन के मुकाबले इस लोन को पाने के लिए थोड़ी ज्यादा मशक्कत करनी पड़ती है. भारत में पढ़ाई के लिए अधिकतम 10 लाख और विदेश में पढ़ाई के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक का लोन लिया जा सकता है. 7.5 लाख तक के लोन के लिए पैरेंट या गार्डियन को को-बॉरोवर बनना होगा, जबकि इससे अधिक के लोन के लिए किसी तीसरे व्यक्ति को भी कोलेटरल सिक्योरिटी देनी होगी. ब्याज दर 10.75 प्रतिशत है.
ग्लोबल एड-वॉनटेज (Global Ed-Vantage)
ये एजुकेशन लोन खासतौर से विदेशों में पढ़ाई के लिए दिया जाता है. इसके तहत 20 लाख रुपये से 1.5 करोड़ रुपये तक लोन लिया जा सकता है.
स्किल लोन (Skill Loan)
भारत में व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए स्किल लोन दिया जाता है. इसके तहत 5000 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक का लोन लिया जा सकता है.
टेक-ओवर ऑफ एजुकेशन लोन (Take-over of Education Loans)
अगर आपने कहीं और से एजुकेशन लोन लिया है और आपको अधिक ब्याज चुकाना पड़ रहा है तो आप उस लोन को एसबीआई में बदल सकते हैं और अपनी मासिक ईएमआई को कम कर सकते हैं. इसके तहत कुल 1.5 करोड़ रुपये तक के लोन को एसबीआई में कन्वर्ट किया जा सकता है.