&format=webp&quality=medium)
हर कोई चाहता है कि नौकरी और जिम्मेदारियों से भरी जिंदगी के बाद रिटायरमेंट का दौर एकदम सुकून और मौज-मस्ती वाला हो. पैसों की कोई टेंशन न हो, घूमने-फिरने से लेकर अपने शौक पूरे करने तक, हर चीज के लिए आप आजाद हों. लेकिन ये 'मौज की जिंदगी' सिर्फ सोचनेभर से नहीं मिलती, इसके लिए सही समय पर सही फाइनेंशियल प्लानिंग करनी पड़ती है.
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कितना पैसा जोड़ें और इसके लिए हर महीने कितना निवेश करें? इसका जवाब आपकी उम्र पर निर्भर करता है. चलिए, आज हम इसी गणित को आसान भाषा में समझते हैं कि अगर आप 25, 30 या 35 साल के हैं, और आप रिटायरमेंट फंड का लक्ष्य 5 करोड़ रुपए मानकर चलते हैं तो आपको कितना निवेश करना होगा.
मान लीजिए, आप 60 साल की उम्र में रिटायर होना चाहते हैं और आप ₹5 करोड़ का फंड जमा करना चाहते हैं तो आपको SIP के जरिए म्यूचुअल फंड्स में निवेश करना चाहिए. आज के समय में म्यूचुअल फंड्स एक ऐसी स्कीम है, जिसमें महंगाई को मात देने का दम है. लंबे समय में आप इस स्कीम से मोटा पैसा जोड़ सकते हैं. लॉन्ग टर्म में इस स्कीम का रिटर्न 12% के आसपास माना जाता है.
इससे पहले कि हम कैलकुलेशन में जाएं, 'कम्पाउंडिंग' यानी 'चक्रवृद्धि ब्याज' के जादू को समझिए. इसका मतलब है कि आपको सिर्फ अपने मूलधन पर ही नहीं, बल्कि उस पर मिले ब्याज पर भी ब्याज मिलता है. आप जितनी जल्दी निवेश शुरू करते हैं, कम्पाउंडिंग को काम करने का उतना ही ज्यादा समय मिलता है और आपका पैसा उतनी ही तेजी से बढ़ता है.
यह निवेश शुरू करने का सबसे बेहतरीन समय है. आपके पास रिटायरमेंट (60 साल) तक पूरे 35 साल हैं. कम्पाउंडिंग की ताकत आपके लिए सबसे ज्यादा काम करेगी.
अगर आप हर महीने ₹9,100 की SIP करते हैं तो 60 की उम्र पर आप 5,01,48,563 रुपए के मालिक होंगे. निवेश को जल्दी शुरू करने का ये सबसे बड़ा फायदा है.
अगर आपने 25 की उम्र में शुरुआत नहीं की, तो घबराएं नहीं. 30 की उम्र में भी आप एक शानदार रिटायरमेंट फंड बना सकते हैं. आपके पास अभी भी 30 साल का लंबा समय है.
30 साल में आपका कुल निवेश 59,40,000 रुपए का होगा, लेकिन 12% रिटर्न के साथ आपको मैच्योरिटी पर 5,08,36,058 रुपए मिलेंगे.
अगर आपकी उम्र 35 साल हो चुकी है, आपकी इनकम भी अच्छी होती है तो भी आपके पास निवेश का पूरा समय है, लेकिन रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए अब आपको ज्यादा गंभीरता दिखानी होगी. आपके पास अब सिर्फ 25 साल बचे हैं.
अगर आप 30,000 रुपए महीने 25 साल तक निवेश करते हैं तो 12% रिटर्न के हिसाब से आपको 25 साल में 5,10,66,197 रुपए मिलेंगे. लेकिन यहां गौर करने वाली बात ये है कि लेट होने के साथ आपके निवेश की राशि भी बढ़ जाती है. 30 की उम्र के मुकाबले 5 साल और देर करने पर आपका मासिक निवेश करीब दोगुना हो गया. आप निवेश में जितना देर करेंगे, जेब पर बोझ उतना ही बढ़ेगा.