&format=webp&quality=medium)
Post Office Savings Account: आज के समय में हर किसी का सेविंग्स अकाउंट तो जरूर होता है. आपको किसी सरकारी स्कीम का बेनिफिट लेना हो, यूपीआई से पेमेंट करना हो या फिर FD वगैरह में निवेश करना हो, बगैर सेविंग्स अकाउंट के ये पॉसिबिल नहीं हो पाता. आमतौर पर लोग बैंक में सेविंग्स अकाउंट ओपन करवाते हैं, लेकिन अगर आप पोस्ट ऑफिस में सेविंग्स अकाउंट ओपन करवाएं तो उस खाते पर तमाम फायदे ले सकते हैं. इसमें आपको बैंक के सेविंग्स अकाउंट की तरह ही तमाम सुविधाएं भी मिलेंगीं और बेहतर ब्याज भी मिलेगा. जानिए Post Office Savings Account के तमाम फीचर्स.
आप बैंकों में सेविंग्स अकाउंट खुलवाएं या पोस्ट ऑफिस में, सभी जगहों पर अपने अकाउंट में मिनिमम बैलेंस रखना बहुत जरूरी होता है. वरना आपको पेनल्टी देनी पड़ती है. आमतौर पर बैंकों में रेगुलर सेविंग्स अकाउंट पर मिनिमम बैलेंस लिमिट कम से कम 1000 के आसपास होती है, लेकिन पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट मिनिमम 500 रुपए में खुल जाता है और यही इसकी मिनिमम बैलेंस लिमिट है.
बैंक की तरह आपको पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट पर भी कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं. अकाउंट खुलवाने पर आपको चेकबुक, एटीएम कार्ड, ईबैंकिंग/मोबाइल बैंकिंग, आधार लिंकिंग आदि की सुविधा मिलती है. इसके अलावा आप इस अकाउंट पर सरकार द्वारा चलाई जा रही अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का भी लाभ ले सकते हैं. आयकर अधिनियम की धारा 80TTA के तहत, सभी बचत बैंक खातों से, एक वित्तीय वर्ष में अर्जित 10,000 रुपए तक के ब्याज को कर योग्य आय से छूट दी गई है.
सेविंग्स अकाउंट में जो भी जमा रकम होती है, उस पर बैंकों की ओर से समय-समय पर ब्याज दिया जाता है, लेकिन ये ब्याज आमतौर पर 2.70% से 3.5% के आसपास रहता है. लेकिन पोस्ट ऑफिस के बचत खाते पर आपको बैंकों की तुलना में काफी बेहतर ब्याज मिलता है. यहां देखिए प्रमुख बैंको और पोस्ट ऑफिस के रेगुलर सेविंग्स अकाउंट पर मिलने वाले ब्याज की डीटेल्स-
Post Office सेविंग्स अकाउंट पर ब्याज: 4.0%
SBI सेविंग्स अकाउंट पर ब्याज: 2.70%
PNB सेविंग्स अकाउंट पर ब्याज: 2.70%
BOI सेविंग्स अकाउंट पर ब्याज: 2.90%
HDFC सेविंग्स अकाउंट पर ब्याज: 3.00% से 3.50% तक
ICICI सेविंग्स अकाउंट पर ब्याज: 3.00% से 3.50% तक
कोई भी वयस्क व्यक्ति पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवा सकता है. इसके अलावा दो लोग जॉइंट में भी अपना अकाउंट ओपन करवा सकते हैं. माइनर के लिए अकाउंट खुलवाना हो तो उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक उसकी ओर से अकाउंट खुलवा सकते हैं. वहीं 10 वर्ष से अधिक उम्र का नाबालिग अपने नाम से खाता खुलवा सकता है. नाबालिग को वयस्क होने के बाद अपने नाम में अकाउंट को ट्रांसफर करवाने के लिए संबंधित डाकघर में नया खाता खोलने का फॉर्म और अपने नाम के केवाईसी दस्तावेज जमा करने होते हैं.